- Home
- News
- RCB Rajat Patidar Becomes Only The Third Captain to Win IPL Trophies After MS Dhoni and Rohit Sharma
रजत पाटीदार ने की महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा की बराबरी, कर दिया कमाल
रजत पाटीदार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार खिताब जितवाया है. 18 साल के इंतजार के बाद पिछले साल टीम ने पहली बार ट्रॉफी जीती थी. और अब वह दूसी बार चैंपियन बनी है.
Published On May 31, 2026, 11:54 PM IST
Last UpdatedMay 31, 2026, 11:54 PM IST
Rajat Patidar and Virat Kohli
अहमदाबाद: रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इतिहास रच दिया है. टीम ने लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया है. रविवार, 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेले गए मैच में उनकी कप्तानी में टीम गुजरात टाइटंस को हराकर दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनी. इससे पहले यह कारनाम सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा ने किया था.
रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. उनकी टीम के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और गुजरात की टीम 8 विकेट पर सिर्फ 155 रन ही बना सकी. गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही. साई सुदर्शन और शुभमन गिल की जोड़ी ने इस टूर्नामेंट में कमाल का खेल दिखाया था. लेकिन फाइनल में यह जोड़ी कुछ नहीं कर पाई. शुभमन गिल ने 10 और साई सुदर्शन सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए. वाशिंगटन सुंदर की हाफ-सेंचुरी को छोड़ दें तो टीम का कोई अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका.
अहमदाबाद की बल्लेबाजों के लिए मददगार पिच पर यह स्कोर काफी नहीं था. वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने बेंगलुरु की टीम को तेज शुरुआत दी. पावरप्ले में ही 2 विकेट पर 70 रन बनाकर मैच लगभग अपने नाम कर लिया था. विराट कोहली ने हाफ-सेंचुरी बनाकर अपनी टीम को मैच में बहुत आगे पहुंचा दिया. आखिर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुकाबला अपने नाम कर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया. विराट कोहली ने अपने आईपीएल इतिहास की सबसे तेज हाफ सेंचुरी बनाई. उन्होंने सिर्फ 25 गेंद पर हाफ-सेंचुरी पूरी की. उन्होंने कोहली ने 42 गेंद पर नाबाद 75 रन की पारी खेली. आखिर आरसीबी ने 18 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन बनाए.
लगातार दो ट्रॉफी जीतने वाले पहले कप्तान थे धोनी
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) पहली टीम थी जिसने लगातार दो बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी. चेन्नई की टीम 2008 के फाइनल में पहुंची थी. लेकिन वहां उसे राजस्थान रॉयल्स ने हराया था. लेकिन साल 2010 में टीम ने अपना पहला खिताब जीता. इसके बाद साल 2011 में भी उसने ट्रॉफी जीती.
2010 में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस की टीम को हराकर ट्रॉफी जीती थी. चेन्नई ने पांच विकेट पर 168 रन बनाए थे. इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 9 विकेट पर 146 रन ही बना सकी. साल 2012 में भी चेन्नई की टीम फाइनल तक पहुंची. लेकिन वहां उसे केकेआर ने हराया था. चेन्नई लगातार तीन बार फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम है.
रोहित शर्मा ने दोहराया
इसके बाद मुंबई इंडियंस की टीम है जिसने लगातार दो बार ट्रॉफी जीती. रोहित शर्मा की कप्तानी में साल 2019 और 2020 में मुंबई ने ट्रॉफी जीती. आईपीएल 2019 के फाइनल में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई को सिर्फ एक रन से हराया था. हैदराबाद में हुए फाइनल मैच में मुंबई ने 8 विकेट पर 149 रन का स्कोर बनाया. वहीं चेन्नई की टीम सात विकेट पर 148 रन ही बनाए. वहीं 2020 में मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स को हराया था. दिल्ली ने मुंबई को सिर्फ 157 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे उन्होंने 18.4 ओवर में ही सिर्फ 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया था.
अब पाटीदार ने किया कमाल
रजत पाटीदार की कप्तानी में बेंगलुरु ने पिछले साल फाइनल में पंजाब किंग्स को छह रन से हराकर पहली बार ट्रॉफी जीती थी. वहीं इस बार टीम ने फाइनल में गुजरात टाइटंस को मात दी है.