IPL Playoffs: पिच और मौसम किसका देगी साथ? RCB या GT कौन मारेगा बाजी
आईपीएल 2026 में आज आरसीबी और गुजरात के बीच प्लेऑफ का मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच में मौसम और पिच का मिजाज कैसा होगा जानिए यहां.
Published On May 26, 2026, 12:23 PM IST
Last UpdatedMay 26, 2026, 12:23 PM IST
RCB vs GT
RCB vs GT Playoffs Weather Prediction: आईपीएल 2026 में आज पहला प्लेऑफ का मुकबला खेला जाना है. इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटंस से होना है. दोनों टीमों के बीच यह जंग धर्मशाला में खेला जाएगा. इस मैच को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं. मैच में मौसम और पिच किसका साथ देगी इस पर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में हम आपको बताएंगे कि धर्मशाला की पिच किसका साथ देगी और यहां का मौसम प्लेऑफ के दौरान कैसा रहेगा.
पिच और मौसम किसका देगी साथ?
धर्मशाला का यह मैदान बल्लेबाजी के लिए मददगार रहता है. छोटी बाउंड्री होने के कारण इस ग्राउंड पर खूब चौके-छक्के लगते हैं. इस सीजन धर्मशाला में अब तक कुल 3 मुकाबले खेले गए हैं और छह पारियों में से 5 बार टीमों ने 200 रनों का आंकड़ा पार किया है. इस ग्राउंड पर पहली पारी का औसतन स्कोर 191 रन रहा है. वहीं, दूसरी इनिंग का औसत स्कोर 175 रन रहा है. एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को धर्मशाला में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है. अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पहले क्वालिफायर मुकाबले में टॉस भी काफी अहम रोल अदा कर सकता है. आईपीएल 2026 में धर्मशाला के मैदान पर 3 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 2 मुकाबलों में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है. यानी रनों का पीछा करना इस ग्राउंड पर ज्यादा फायदे का सौदा रहा है. ऐसे में पहले क्वालिफायर में टॉस जीतने के बाद कप्तान गेंदबाजी करने का फैसला कर सकते हैं.
दोनों टीमों में किसका पलड़ा भारी
आरसीबी का रिकॉर्ड पहला क्वालिफायर खेलते हुए शानदार रहा है. टीम आईपीएल में तीन बार पहला क्वालिफायर खेलने उतरी है, जिसमें से आरसीबी को 2 बार जीत नसीब हुई है, तो एक दफा हार का सामना करना पड़ा है. आईपीएल 2011 में आरसीबी को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले क्वालिफायर में हार झेलनी पड़ी थी.
हालांकि, 2016 और फिर 2025 में आरसीबी ने पहले क्वालिफायर में जीत हासिल की थी. दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस ने दो बार पहला क्वालिफायर मुकाबला खेला है. साल 2022 में जीटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की थी, लेकिन 2023 में टीम को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था.