• Home
  • News
  • RCB Won IPL 2026 Title beat Gujarat Titans by five wicket

IPL 2026: आरसीबी लगातार दूसरी बार बनी चैंपियन, फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराया

आरसीबी के लिए रसिख सलाम ने तीन जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो दो विकेट चटकाए, जिससे गुजरात टाइटंस की टीम 155 रन ही बना सकी. आरसीबी ने आसानी से टारगेट को हासिल कर लिया.

Edited By : Akhilesh Tripathi |May 31, 2026, 11:28 PM IST

Published On May 31, 2026, 11:28 PM IST

Last UpdatedMay 31, 2026, 11:28 PM IST

RCB Champion

RCB Champion

RCB VS GT Final: रासिख सलाम डार (तीन विकेट), भुवनेश्वर कुमार (दो विकेट) और जोश हेजलवुड (दो विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद विराट कोहली की विस्फोटक पारी से आरसीबी ने आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. रविवार को खेले गए फाइनल मैच में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हरा दिया. विराट कोहली 42 बॉल में 75 रन की पारी खेलकर नाबाद रहे. उन्होंने छक्के के साथ आरसीबी को जीत दिलाई. आरसीबी की टीम ने लगातार दूसरी बार इस खिताब पर कब्जा किया है. आरसीबी दो लगातार खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बनी है.

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने इस जीत के साथ धोनी और रोहित जैसे दिग्गजों की बराबरी की, जिन्होंने अपनी टीम को लगातार दो सीजन में जीत दिलाई है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

आरसीबी के गेंदबाजों ने धीमी पिच का पूरा फायदा उठाते हुए आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटन्स को आठ विकेट पर 155 रन ही बनाने दिए. नरेन्द्र मोदी स्टेडियम की लाल और काली मिट्टी के मिश्रण वाली पिच पर शॉट खेलना बिलकुल भी आसान नहीं था जो गुजरात टाइटन्स की बल्लेबाजी में साफ झलक रही थी जिससे आरसीबी के लिए रसिख सलाम ने तीन जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो दो विकेट चटकाए. कृणाल पंड्या ने 23 रन देकर एक विकेट झटका. गुजरात टाइटन्स के लिए एकमात्र वॉशिंगटन सुंदर ही इस मुश्किल का सामना करते हुए 37 गेंद में पांच चौके से नाबाद 50 रन बना पाए. आरसीबी ने दो ओवर शेष रहते इस टारगेट को हासिल कर लिया.

फाइनल में विराट कोहली ने खेली तूफानी पारी

156 रन के टारगेट का पीछा करते हुए वेंकटेश अय्यर (16 बॉल में 32 रन) और विराट कोहली ने आरसीबी को शानदार शुरुआत (62 रन की साझेदारी) दिलाई. देवदत्त पडिक्कल (01) ने निराश किया. वहीं राशिद खान ने एक ही ओवर में रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पांड्या (01) को आउट कर मैच में रोमांच लाया. हालांकि इसके बाद कोहली ने टिम डेविड (17 बॉल में 24 रन) के साथ 41 रन की साझेदारी कर आरसीबी को जीत के करीब पहुंचाया.

कोहली ने 25 बॉल में जड़ा अर्धशतक, छक्के से दिलाई जीत

विराट कोहली ने आईपीएल में अपना सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया, उन्होंने सिर्फ 25 बॉल में अर्धशतक लगाया. उन्होंने 42 बॉल में 75 रन की पारी में नौ चौके और तीन छक्के लगाए. विराट कोहली ने 18वें ओवर की आखिरी बॉल पर छक्का लगाकर आरसीबी को जीत दिलाई. जितेश शर्मा 11 रन बनाकर नाबाद रहे.

पावरप्ले में गुजरात ने गंवाए गिल- सुदर्शन के विकेट

आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसके गेंदबाजों ने शुरू से ही दबदबा बनाते हुए पावरप्ले में सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल (10) और साई सुदर्शन (12) के विकेट झटक लिए. हेजलवुड ने गिल का शिकार किया, वहीं सुदर्शन भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर पवेलियन लौटे. गुजरात टाइटन्स को अपनी सलामी जोड़ी से अच्छी शुरूआत की उम्मीद थी जिससे टीम इन झटकों से उबर नहीं सकी. गिल और सुदर्शन ने इस सत्र में 700 से ज्यादा रन बनाए थे। इन दोनों के आउट होने के बाद गुजरात टाइटन्स की की बल्लेबाजी पूरी तरह से लड़खड़ा गई. उनका पावर प्ले में स्कोर दो विकेट पर 45 रन रन था, बाकी बल्लेबाजों में पारी को संभालने का जोश और धैर्य नहीं दिखा.

जोस बटलर (19) और वाशिंगटन पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन रक्षात्मक खेलने से जूझते नजर आए. युवा तेज गेंदबाज रसिक सलाम अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा. उन्होंने निशांत सिंधु (18 गेंद में 20 रन) और राहुल तेवतिया के विकेट लिए। घरेलू टीम ने 100 रन के आंकड़े तक पहुंचने से पहले ही मुख्य बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे.

गुजरात टाइटन्स को अपनी पारी का पहला छक्का लगाने के लिए 13वें ओवर तक इंतजार करना पड़ा जो क्रुणाल की गेंद पर अरशद खान (15 रन) मिड-विकेट के ऊपर से लगाया था. आरसीबी के गेंदबाजों के दबदबे का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि घरेलू टीम की पारी में (अरशद के दो और राशिद खान के एक छक्के से) केवल तीन छक्के शामिल थे.

Editor's Pick