DC कोच पॉन्टिंग ने टी20 विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों के आईपीएल में खेलने का समर्थन किया

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पॉन्टिंग का मानना है कि टी20 विश्व कप से पहले आईपीएल में खेलना आदर्श तैयारी होगी।

Edited By : India.com Staff |Aug 14, 2021, 12:59 PM IST

Published On Aug 14, 2021, 12:59 PM IST

Last UpdatedAug 14, 2021, 12:59 PM IST

दिग्गज बल्लेबाज रिकी पॉन्टिंग (Ricky Ponting) ने यूएई में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) में हिस्सा लेने के लिए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का समर्थन करते हुए कहा कि अक्तूबर में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले ये आदर्श तैयारी होगी।

आईपीएल के 14वें सीजन के बाकी बचे मुकाबले 19 सितंबर से 15 अक्तूबर के बीच खेले जाएंगे जबकि 17 अक्तूबर से 14 नवंबर तक टी20 विश्व कप का आयोजन होगा। दोनों ही टूर्नामेंट यूएई में खेले जाएंगे।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

क्रिकेट.कॉम.एयू ने सेन रेडियो पर ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान टिम पेन से बात कर रहे पॉन्टिंग के हवाले से कहा, ‘‘वे खिलाड़ी जो तीन या चार महीने से नहीं खेले हैं, उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ शीर्ष स्तरीय क्रिकेट खेलकर लय में आने की जरूरत है। इसमें कोई संदेह नहीं कि समान हालात में ये उनकी सर्वश्रेष्ठ तैयारी होगी, उन्हें संभवत: दुनिया के सबसे मजबूत घरेलू टी20 टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलेगा।’’

अपनी गर्भवती मंगेतर के साथ समय बिताने के लिए वेस्टइंडीज और बांग्लादेश दौरों से बाहर रहने वाले तेज गेंदबाज पैट कमिंस के आईपीएल में खेलने की उम्मीद नहीं है क्योंकि उनके पहले बच्चे के दोबारा शुरू हो रहे टूर्नामेंट के बीच में पैदा होने की संभावना है।

कमिंस ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘इस सत्र के दूसरे हाफ के लिए वहां जाना बेहद मुश्किल होगा। देखते हैं चीजें कैसी रहती हैं लेकिन इस समय शायद बेहद मुश्किल होगा लेकिन इसके तुरंत बाद विश्व कप शुरू होने से मुझे उम्मीद है कि मैं इसके लिए तैयार रहूंगा।’’

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरोन फिंच की इस हफ्ते दाएं घुटने की सर्जरी हुई है। ऑपरेशन सफल रहा जिससे उबरने में उन्हें 10 हफ्ते का समय लगेगा। इसके कारण वो विश्व कप में सुपर 12 चरण के ऑस्ट्रेलिया के पहले मैच तक बाहर हो गए हैं।

फिंच ने इससे पहले कहा था कि उनका मानना है कि आईपीएल में वापसी को सही ठहराना खिलाड़ियों के लिए मुश्किल होगा जो थकान और होटल में क्वारेंटीन और बायो बबल की समस्याओं का हवाला देकर दौरों से हट गए थे।

रिली मेरेडिथ, डेन क्रिस्टियन, मोइजेस हैनरिक्स, मिशेल मार्श, एडम जंपा, एंड्रयू टाइ और जोश फिलिप कैरेबियाई और बांग्लादेश दौरे पर गई आस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे। इन सभी का आईपीएल टीमों से करार है।

Editor's Pick