• Home
  • News
  • Rinku Singh Varun Chakaravarthy stars as KKR beat Rajasthan Royals by four wickets in IPL 2026

IPL 2026: वरुण चक्रवर्ती ने गेंद से किया कमाल, रिंकू ने बल्ले से मचाया धमाल, केकेआर को मिली पहली जीत

रॉयल्स के 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट राइडर्स की टीम ने 19.4 ओवर में छह विकेट खोकर टारगेट को हासिल कर लिया.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Apr 19, 2026, 07:51 PM IST

Published On Apr 19, 2026, 07:51 PM IST

Last UpdatedApr 19, 2026, 07:51 PM IST

KKR Win

KKR Win

वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की फिरकी के बाद रिंकू सिंह और अनुकूल राय की दमदार पारी से कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स चार विकेट से हराकर आईपीएल 2026 में जीत का खाता खोल लिया है.

रॉयल्स के 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट राइडर्स की टीम 14वें ओवर में 85 रन पर छह विकेट गंवाने के बाद संकट में थी लेकिन रिंकू (नाबाद 53 रन, 34 गेंद, पांच चौके, दो छक्के) और अनकूल रॉय (नाबाद 29, 16 गेंद, दो छक्के, एक चौका) के बीच सातवें विकेट की 37 गेंद में 76 रन की नाबाद साझेदारी की बदौलत 19.4 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाकर जीत दर्ज करने में सफल रही.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

सात मैच में पहली जीत दर्ज करने के बाद नाइट राइडर्स की टीम तीन अंक के साथ 10 टीम की तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है. लगातार दूसरी हार के बाद रॉयल्स की टीम छह मैच में आठ अंक के तीसरे स्थान पर है.

केकेआर की खराब शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरे नाइट राइडर्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में पांच रन के स्कोर तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों टिम सीफर्ट और कप्तान अजिंक्य रहाणे के विकेट गंवा दिए जो खाता खोलने में भी नाकाम रहे. जोफ्रा आर्चर (35 रन पर एक विकेट) ने पारी की पहली ही गेंद पर सीफर्ट को बोल्ड किया जबकि अगले ओवर में नांद्रे बर्गर (20 रन पर एक विकेट) ने रहाणे को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया.

जुरेल ने विकेट के पीछे की कमाल की स्टंपिंग

कैमरन ग्रीन (27) ने बर्गर पर लगातार दो चौकों के साथ शुरुआत की जबकि इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में छक्का भी जड़ा लेकिन इसके बाद रवि बिश्नोई की लेग साइड से बेहद बाहर जाती गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में पूरी तरह से चूक गए और जुरेल ने उन्हें स्टंप कर दिया. नाइट राइडर्स ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 51 रन बनाए.

जडेजा ने दो विकेट लेकर केकेआर की मुश्किल बढ़ाई

रविंद्र जडेजा (आठ रन पर दो विकेट) ने अंगकृष रघुवंशी (10) को पगबाधा करके नाइट राइडर्स को चौथा झटका दिया और फिर रोवमैन पावेल (23) को डोनोवन फरेरा के हाथों कैच कराके स्कोर पांच विकेट पर 70 रन किया. रिंकू सिंह को आठ रन के स्कोर पर जडेजा की गेंद पर बर्गर ने जीवनदान दिया. रमनदीप सिंह (10) भी इसके बाद लेग स्पिनर यश राज पुंजा की गेंद को विकेटों पर खेलकर बोल्ड हुए.

रिंकू सिंह- अनुकूल रॉय ने दिलाई केकेआर को जीत

नाइट राइडर्स को अंतिम पांच ओवर में 59 रन की दरकार थी। रिंकू और अनुकूल रॉय ने बिश्नोई पर छक्के के साथ रन गति में इजाफा किया और 16वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।

रिंकू ने अगले ओवर में आर्चर पर दो चौकों के साथ गेंद और रन के बीच के अंतर को कम किया. नाइट राइडर्स को अंतिम दो ओवर में 21 रन की जरूरत थी. अनुकूल ने आर्चर पर छक्के के साथ नाइट राइडर्स का पलड़ा भारी किया जबकि रिंकू ने ब्रिजेश शर्मा पर दो चौके और एक छक्के के साथ टीम को जीत दिला दी और अर्धशतक भी पूरा किया.

155 रन ही बना सकी राजस्थान की टीम

राजस्थान रॉयल्स की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया था. सलामी बल्लेबाजों वैभव सूर्यवंशी (46 रन, 28 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और यशस्वी जायसवाल (39 रन, 29 गेंद, चार चौके, दो छक्के) के बीच पहले विकेट के लिए 8.4 ओवर में 81 रन की साझेदारी के बावजूद रॉयल्स की टीम नौ विकेट पर 155 रन ही बना सकी. लेग स्पिनर चक्रवर्ती (14 रन पर तीन विकेट) और ऑफ स्पिनर नारायण (26 रन पर दो विकेट) की स्टार जोड़ी के सामने रॉयल्स ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाए जिससे टीम अंतिम 10 ओवर में 60 रन ही जुटा सकी. कार्तिक त्यागी (22 रन पर तीन विकेट) ने निचले मध्य क्रम को ध्वस्त किया.

Editor's Pick