- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Rishabh Pant or Nicholas Pooran Who Will Be Captain of LSG Sanjiv Goenka Answer
LSG ने तय कर लिया है कौन होगा कप्तान, पंत या पूरन पर संजीव गोयनका का बयान
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम के मालिक ने कहा कि उनकी टीम का अगला कप्तान कौन होगा इसका फैसला हो चुका है. उन्होंने कहा कि जल्द ही इसका ऐलान भी कर दिया जाएगा.
Published On Dec 02, 2024, 01:16 PM IST
Last UpdatedDec 02, 2024, 01:16 PM IST
Rishabh pant and Nicholas pooran
लखनऊ सुपर जायंट्स फ्रैंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका ने कहा है उन्होंने यह तय कर लिया है कि आईपीएल 2025 में टीम की कप्तानी कौन करेगा. उन्होंने कहा कि उनकी ओर से यह तय हो गया है कि ऋषभ पंत या निकोलस पूरन में कौन टीम की कमान संभालेगा. लेकिन कप्तान के नाम का ऐलान आने वाले कुछ दिनों में किया जाएगा. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि टीम ऋषभ पंत के लिए आईपीएल 2025 की नीलामी में 27 करोड़ की रकम तक कैसे पहुंची.
लखनऊ की टीम ने नीलामी से पहले पूरन को 21 करोड़ रुपये देकर रीटेन किया था. वहीं पंत को आईपीएल नीलामी में 27 करोड़ रुपये में खरीदा गया. पंत आईपीएल नीलामी के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए.
भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि लखनऊ सुपर जायंट्स का कप्ता एक विकेटकीपर बल्लेबाज होगा. उन्होंने गोयनका से पूछा कि क्या यह पंत होंगे या कोई हैरान करने वाला नाम होगा.
इस पर गोयनका ने कहा, ‘लोग काफी जल्दी हैरान हो जाते हैं. मेरे विचार से मैं लोगों को सरप्राइज नहीं देता हूं. इसका (कप्तान) फैसला किया जा चुका है और अगले कुछ दिनों में ऐलान भी कर दिया जाएगा.’
गोयनका ने यह भी बताया कि आखिर पंत को 27 करोड़ रुपये देने का विचार कैसे बना. उन्होंने कहा, ‘दिल्ली कैपिटल्स ने श्रेयस अय्यर के लिए 26.50 करोड़ रुपये की बोली लगाई. इसका अर्थ था कि अपने नंबर वन प्लेयर के लिए उनके पास इतना बजट था. और पार्थ जिंदल के पंत के लिए लगाव को देखते हुए मुझे लगा था कि वे उस पर श्रेयस से थोड़ा ज्यादा खर्च कर सकते हैं. तो इसी वजह से बोली थोड़ी ज्यादा लगाई.’
पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर श्रेयस अय्यर को 26.75 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया. दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत के लिए उस समय राइट टू मैच का कार्ड इस्तेमाल किया जब लखनऊ ने उनके लिए 20.75 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी. हालांकि जब लखनऊ ने 27 करोड़ की बोली लगाई तब दिल्ली ने आरटीएम का इस्तेमाल नहीं किया.