×

न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, स्टार खिलाड़ी बाहर, रिप्लेसमेंट का भी हुआ ऐलान

भारत का यह स्टार खिलाड़ी आगे की जांच और रिहैबिलिटेशन के लिए बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिपोर्ट करेंगे.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 11, 2026 1:38 PM IST

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत दाईं ओर खिंचाव के कारण तीन मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल किया गया है.

बीसीए बी ग्राउंड पर भारत के ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन में पंत लगभग 50 मिनट तक अपने बैटिंग सेशन में नजर आए, लेकिन थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट की गेंद का सामना करते समय कमर के ऊपर गेंद लगने के बाद पंत को तकलीफ महसूस हुई, बहुत ज्यादा दर्द के कारण वह तुरंत घुटनों के बल गिर गए और सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों ने उन्हें तुरंत संभाला और नेट्स से चले गए.

ऋषभ पंत चोट की वजह से बाहर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉक्टर के स्कैन और जांच से पता चला है कि ऋषभ की दाईं ओर पसलियों में चोट लगी है और साइड में खिंचाव का पता चला है, इसलिए वह न्यूजीलैंड के खिलाफ इस वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. पंत के अब कुछ दिनों तक आराम करने की उम्मीद है, जिसके बाद वह आगे की जांच और रिहैबिलिटेशन के लिए बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिपोर्ट करेंगे.

विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली को नॉकआउट में पहुंचाया

पंत बेंगलुरु में 2025/26 विजय हजारे ट्रॉफी लीग स्टेज में दिल्ली की कप्तानी करने के बाद वनडे सीरीज में आए थे, इस दौरान पंत ने सर्विसेज और रेलवेज के खिलाफ दो-दो हाफ-सेंचुरी लगाईं, जिससे दिल्ली नॉकआउट में पहुंची, यह दूसरी बार है जब पंत चोटों के कारण बाहर हैं.

मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया था, और पिछले साल नवंबर में घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के जरिए उन्होंने वापसी की थी. पंत पिछले दो सालों से भारत के वनडे सेटअप का हिस्सा हैं, लेकिन उन्होंने आखिरी बार अगस्त 2024 में श्रीलंका दौरे पर 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला था.

इस खिलाड़ी को मिला मौका

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले, पंत को बाहर किए जाने की अटकलें तेज थीं, लेकिन अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सिलेक्शन कमिटी ने उन्हें टीम में बनाए रखा. विजय हजारे ट्रॉफी में अच्छे प्रदर्शन की वजह से ध्रुव जुरेल को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है. ध्रुव जुरेल ने विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हुए शानदार बल्लेबाजी की है. 7 मैचों में 90 से ज्यादा की औसत से 558 रन उन्होंने बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक और चार अर्धशतक निकले हैं, इसी प्रदर्शन की बदौलत जुरेल वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं.