• Home
  • News
  • Rishabh Pant scores triple-century in Ranji Trophy 2016-17 for Delhi vs Maharashtra

ऋषभ पंत ने जड़ा तिहरा शतक, टीम इंडिया में चयन के लिए प्रस्तुत की दावेदारी

रणजी ट्रॉफी के ग्रुप दो के मैच में दिल्ली की ओर से खेलते हुए ऋषभ ने महाराष्ट्र के खिलाफ शानदार तिहरा शतक जड़ दिया। लेकिन इसके बावजूद उनकी टीम पहली पारी के आधार पर बढ़त लेने में नाकामयाब रही।

Edited By : Cricket Country Staff |Oct 16, 2016, 06:23 PM IST

Published On Oct 16, 2016, 06:23 PM IST

Last UpdatedOct 16, 2016, 06:23 PM IST

ऋषभ पंत  © IANS
ऋषभ पंत © IANS

हाल ही में अंडर- 19 विश्व कप में कमाल दिखाने वाले ऋषभ पंत ने रणजी ट्रॉफी में भी अपना जादू जारी रखा हुआ है। रणजी ट्रॉफी के ग्रुप दो के मैच में दिल्ली की ओर से खेलते हुए ऋषभ ने महाराष्ट्र के खिलाफ शानदार तिहरा शतक जड़ दिया। लेकिन इसके बावजूद उनकी टीम पहली पारी के आधार पर बढ़त लेने में नाकामयाब रही। दिल्ली की ओर से ऋषभ ने सर्वाधिक 308 रन बनाए। लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका और दिल्ली की पूरी टीम 590 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

महाराष्ट्र ने अपनी पहली पारी दो विकेट पर 635 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी। इसके साथ ही उसे पहली पारी के आधार पर 45 रन की बढ़त हासिल हुई। महाराष्ट्र ने मैच समाप्ति की घोषणा किए जाने तक अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 58 रन बनाए थे। महाराष्ट्र की पहली पारी में स्वप्निल गुगाले ने नाबाद 351 रन बनाए थे। रणजी में यह केवल दूसरा अवसर है जबकि एक मैच में दो तिहरे शतक बने। इससे पहले 1988-89 में डब्ल्यूवी रमन और एजी कृपाल सिंह ने तमिलनाडु और गोवा के बीच खेले गए मैच में तिहरे शतक जमाए थे।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

गुगाले ने अंकित बावने (नाबाद 258) के साथ तीसरे विकेट के लिए 594 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की थी। मैच के चौथे और आखिरी दिन के खेल का आकर्षण पंत का शतक रहा। यह युवा बल्लेबाज 514 मिनट तक क्रीज पर टिका रहा और उन्होंने 326 गेंदों का सामना करके 42 चौके और नौ छक्के लगाए। पंत ने सुबह 155 रन से अपनी पारी आगे बढ़ायी थी। तब दिल्ली का स्कोर पांच विकेट पर 376 रन था। पंत को वरूण सूद (32) ने अच्छा सहयोग दिया। इन दोनों ने मिलकर सातवें विकेट के लिए 182 रन की साझेदारी की। पंत के आउट होने से हालांकि दिल्ली की पहली पारी में बढ़त हासिल करके तीन अंक लेने की उम्मीदें समाप्त हो गयी।

महाराष्ट्र की तरफ से मोहसिन सैयद और चिराग खुराना ने तीन- तीन विकेट लिए। जब मैच ड्रॉ समाप्त करने की घोषणा की गई तब हषर्द खादिवाले 38 और खुराना 19 रन पर खेल रहे थे। ऋषभ की इस पारी का अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के सिलेक्शन पर प्रभाव पड़ सकता है। जाहिर है कि उनके नाम को लेकर सोचा जाए।

Editor's Pick