Rishabh Pant: ऋषभ पंत से टेस्ट में छिनी उपकप्तानी, वनडे सीरीज में भी नहीं मिली जगह
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है. जिसमें ऋषभ पंत को बड़ा झटका लगा है. पंत को टेस्ट टीम में उपकप्तानी पद से हटा दिया गया है.
Published On May 19, 2026, 05:48 PM IST
Last UpdatedMay 19, 2026, 05:48 PM IST
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान बीसीसीआई ने कर दिया है. जिसमें कई युवा खिलाड़ियों को जगह मिली है. तो वहीं भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का डिमोशन हो गया है. पंत को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी एक टेस्ट के लिये भारतीय टीम की उपकप्तानी से हटा दिया गया है और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिये वह टीम में भी नहीं हैं. केएल राहुल को पंत की जगह भारतीय टीम का उपकप्तान बनाया गया है. ऋषभ के लिए ये एक बड़ा झटका है.
पिछले साल बने थे टेस्ट टीम के उपकप्तान
इंग्लैंड के खिलाफ साल 2025 में 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान बीसीसीआई ने शुभमन गिल को कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को उपकप्तान नियुक्त किया था. जिसके बाद इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में चोटिल होने के बाद पंत अफगानिस्तान के खिलाफ पहली बार टेस्ट मैच खेलते हुए नजर आएंगे. ऋषभ को उपकप्तानी से हटाया जाना उनके लिए एक बड़ा झटका है. क्योंकि पंत को भविष्य में भारतीय टीम के कप्तान के तौर पर देखा जा रहा था. आईपीएल 2026 में ऋषभ पंत अपने खराब प्रदर्शन से जूझ रहे हैं. वहीं उनका प्रदर्शन घरेलू क्रिकेट में भी कुछ खास नहीं है.
जून में खेली जाएगी सीरीज
अजित अगरकर की अगुवाई वाली बीसीसीआई की सीनियर पुरूष चयन समिति की यहां बैठक हुई. जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू श्रृंखलाओं के लिये टीम चुनी गई. छह जून से मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट खेला जायेगा. जबकि तीन वनडे 14 जून से धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में होंगे. स्पिन गेंदबाज मानव सुतार और तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को पहली बार टेस्ट टीम में चुना गया है. दोनों आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिये खेलते हैं. वनडे टीम में प्रिंस यादव को जगह मिली है.
टेस्ट टीम :
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साइ सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुतार, गुरनूर बरार, ध्रुव जुरेल और हर्ष दुबे
वनडे टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे