IND VS AFG: सिर्फ दो भारतीय विकेटकीपर कर पाया है यह कारनामा... खास लिस्ट में शामिल होंगे ऋषभ पंत
ऋषभ पंत ने 49 टेस्ट मैच में 42.91 की औसत और 74.24 के स्ट्राइक रेट से 3476 रन बनाए हैं, जिसमें आठ शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं. भारतीय विकेटकीपर के लिए आईपीएल 2026 काफी निराशाजनक रहा था.
Published On Jun 04, 2026, 03:45 PM IST
Last UpdatedJun 04, 2026, 03:45 PM IST
Rishabh Pant
IND VS AFG: भारत और अफगानिस्तान की टीम छह जून से एकमात्र टेस्ट मैच में आमने-सामने होंगे. भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में खास लिस्ट में शामिल होंगे. ऐसा करने वाले वह सिर्फ दूसरे भारतीय होंगे.
अफगानिस्तान के खिलाफ ऋषभ पंत अपना 50वां टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे. पंत से पहले भारत के लिए केवल एमएस धोनी और सैयद किरमानी ही ऐसे विकेटकीपर-बल्लेबाज रहे हैं जिन्होंने 50 से अधिक टेस्ट मैच खेले हैं. ऋषभ पंत 50 टेस्ट खेलने वाले तीसरे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बनेंगे.
भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले विकेटकीपर:
एमएस धोनी- 90 टेस्ट
सैयद किरमानी- 88 टेस्ट
ऋषभ पंत- 49 टेस्ट
किरण मोरे- 49 टेस्ट
नयन मोंगिया- 44 टेस्ट
टेस्ट में कमाल का रिकॉर्ड, मगर पंत के लिए आईपीएल रहा फीका
49 टेस्ट मैचों में पंत ने 42.91 की औसत और 74.24 के स्ट्राइक रेट से 3476 रन बनाए हैं, जिसमें आठ शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं. हालांकि आईपीएल 2026 में वह अपनी आक्रामक और चिर-परिचित लय में नजर नहीं आए. आईपीएल 2026 में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 14 मैचों में केवल 312 रन बनाए. टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही, इसके बाद उन्हें भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान पद से हटा दिया गया और अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी टीम में जगह नहीं मिली.
‘वह बहुत ज्यादा कोशिश कर रहा है’, बचपन के कोच की सलाह से सुधरेगा ऋषभ पंत का खेल!
देवेंद्र शर्मा ने पंत के 50 टेस्ट खेलने को बताया बड़ी उपलब्धि
ऋषभ पंत के बचपन के कोच देवेश शर्मा ने कहा, यह उनके लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है, भारत के लिए एक विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में 50वां टेस्ट मैच खेलने के करीब पहुंचना बहुत बड़ी बात है. उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि ऋषभ लाल गेंद के क्रिकेट में एक चैंपियन खिलाड़ी हैं, इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने लीड्स में दो शतक लगाए थे और पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा था, भारत के लिए 50वां टेस्ट खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है, और ऋषभ के लिए भी यह खास है.
उन्होंने कहा कि ऋषभ टेस्ट क्रिकेट में बेहद सफल खिलाड़ी रहे हैं और भारतीय टीम के लिए कई मैच जिताए हैं, मानसिक रूप से वह बहुत मजबूत हैं, एक कोच के तौर पर मुझे पूरा विश्वास है कि इस साल होने वाले सभी लाल गेंद के मुकाबलों में वह शानदार प्रदर्शन करेंगे और अफगानिस्तान के खिलाफ मैच से इसकी शुरुआत होगी.
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुतार, गुरनूर बराड़, ध्रुव जुरेल और हर्ष दुबे.