IPL 2024: रियान पराग की तूफानी पारी से राजस्थान रॉयल्स की जीत, दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी हार
राजस्थान की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 185 रन बनाए थे, दिल्ली की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 173 रन ही बना सकी.
Published On Mar 28, 2024, 11:48 PM IST
Last UpdatedMar 28, 2024, 11:48 PM IST
PIC- IPL
जयपुर. रियान पराग की नाबाद 84 रन की ताबड़तोड़ पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स को 12 रन से हरा दिया. राजस्थान की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 185 रन बनाए थे, दिल्ली की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 173 रन ही बना सकी.
दिल्ली के तेज गेंदबाजों ने शुरूआत में कसी हुई गेंदबाजी की. मुकेश ने पारी के दूसरे ओवर में यशस्वी जायसवाल (05) को बोल्ड कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. कप्तान संजू सैमसन (15) ने इस गेंदबाज के अगले ओवर में हैट्रिक चौके जड़े लेकिन छठे ओवर में खलील अहमद की गेंद को अपना 100वां आईपीएल मैच खेल रहे ऋषभ पंत के हाथों में खेल गये. पावरप्ले में राजस्थान की टीम दो विकेट पर 31 रन ही बना सकी. दूसरे छोर से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे जोस बटलर आठवें ओवर में कुलदीप यादव की गेंद पर पगबाधा हो गए.
राजस्थान की टीम एक समय आठ ओवर के बाद 38 रन पर तीन विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी लेकिन रियान ने रविचंद्रन अश्विन (19 गेंद में 29 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 37 गेंद में 54 और पांचवें विकेट के लिए ध्रुव जुरेल (12 गेंद में 20 रन) के साथ 23 गेंद में 52 रन की आक्रामक साझेदारी कर मैच में टीम की वापसी कराई.
रियान पराग का धमाल
रियान पराग ने शिमरोन हेटमायर (सात गेंद में नाबाद 14 रन) के साथ 16 गेंद में 43 रन की अटूट साझेदारी के दौरान आखिरी ओवर में एनरिच नोर्किया के खिलाफ तीन चौके और दो छक्के लगाकर 25 रन बटोरे. रियान पराग ने 45 गेंद की पारी में सात चौके और तीन छक्के लगा कर आईपीएल में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया. उनकी ताबड़तोड़ पारी से टीम ने आखिरी सात ओवर में 92 रन जोड़े. दिल्ली कैपिटल्स के पांचों गेंदबाजों को एक-एक सफलता मिली
173 रन ही बना सकी दिल्ली की टीम
लक्ष्य का पीछा करते हु्ए दिल्ली की टीम ने चौथे ओवर में मिचेल मार्श (12 गेंद में 23 रन) और रिकी भुई (00) का विकेट गंवा दिया. दोनों विकेट नांद्रे बर्गर के नाम रहा. हालांकि इसके बाद डेविड वॉर्नर और कप्तान ऋषभ पंत के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई. डेविड वॉर्नर अर्धशतक से चूक गए और 34 गेंद में 49 रन की पारी खेलकर आउट हुए. वहीं ऋषभ पंत 28 रन की पारी खेलकर युजवेंद्र चहल की गेंद पर विकेट के पीछे संजू सैमसन को कैच दे बैठे. अभिषेक पोरेल ने 09 रन बनाए. ट्रिस्टन स्टब्स ने जीवनदान का फायदा उठाया और 23 गेंद में 44 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, मगर वह टीम को जीत नहीं दिला सके. अक्षर पटेल 15 रन बनाकर नाबाद रहे.
आखिरी ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 17 रन बनाने थे. आवेश खान ने कमाल की गेंदबाजी की और इस ओवर में सिर्फ चार रन दिए. दिल्ली की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 173 रन बनाए.