- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Riyan Parag Would Have Been Perfect Replacement for Washington Sundar Says Irfan Pathan
IND vs NZ: यह खिलाड़ी होता वाशिंगटन सुंदर का परफेक्ट रिप्लेसमेंट, इरफान पठान ने लिया किसका नाम
भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने वाशिंगटन सुंदर की जगह इस खिलाड़ी को टीम में शामिल करने की वकालत की है.
Published On Jan 14, 2026, 09:37 AM IST
Last UpdatedJan 14, 2026, 09:37 AM IST
Washington Sundar
पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का कहना है कि चोटिल वॉशिंगटन सुंदर की जगह रियान पराग को न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा बनना चाहिए था. सुंदर 11 जनवरी को खेले गए सीरीज के पहले मैच में गेंदबाजी के दौरान चोटिल हो गए थे. सीरीज के बाकी दो मैचों के लिए आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया है. हालांकि पठान कहते हैं कि पराग एक परफेक्ट रिप्लेसमेंट होते.
सुंदर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में सिर्फ पांच ओवर गेंदबाजी की थी. इसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे. हालांकि वह बाद में बल्लेबाजी के लिए उतरे लेकिन वह कितने असहज थे यह साफ देखा जा सकता था. वह दौड़ नहीं पा रहे थे.
अपने यूट्यूब चैनल पर पठान ने कहा, ‘मैं टीम में जगह बनाने के लिए आयुष बडोनी को बधाई दूंगा. उन्होंने भारत ए के लिए अच्छा किया है लेकिन रियान पराग लाइक-फॉर-लाइक रिप्लेसमेंट होते. वह एक बल्लेबाज हैं और गेंदबाजी उनका दूसरे नंबर का हुनर है. पराग खेल को आगे लेकर जा सकते हैं लेकिन उनके कंधे की चोट के मायने हैं कि वह सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं हैं.’
इसके साथ ही पठान ने वनडे सीरीज के बाद होने वाले पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों को लेकर भी अपनी राय रखी. तिलक वर्मा पहले तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. पठान ने उनके स्थान पर श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल करने की वकालत की.
पठान ने कहा, ‘यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम खिलाड़ियों की चोट की इस परेशानी का सामना कैसे करती है. न्यूजीलैंड के खिलाफ आने वाली इस सीरीज से हमें पता चलता है कि ये दो खिलाड़ी हमारे लिए कितने अहम हैं. न्यूजीलैंड एक बहुत मजबूत टीम नहीं है. लेकिन वह हमें चुनौती जरूर दे सकती है. लेकिन भारतीय टीम को इन चोटों की वजह से जिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है वह साफ है. मेरा मानना है कि भारत को तिलक वर्मा की जगह श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल करना चाहिए. अय्यर उसी जगह पर बल्लेबाजी करते हैं और स्पिनर को कमाल का खेलते हैं. अगर सूर्यकुमार यादव संघर्ष कर रहे हैं, तो एक अनुभवी बल्लेबाज का होना जरूरी है. श्रेयस अनुभवी हैं और एक लीडर हैं. आपके पास यशस्वी जायसवाल और रुतुराज गायकवाड़ जैसे भी विकल्प हैं लेकिन वे ओपनर हैं. अय्यर एक मजबूत मिडल-ऑर्डर बल्लेबाज हैं.’
अय्यर भारत की वनडे टीम का नियमित हिस्सा रहे हैं लेकिन दिसंबर 2023 के बाद से उन्होंने टी20 इंटरनेशनल नहीं खेला है. उन्होंने 51 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 30.66 के औसत से 1104 रन बनाए हैं इसमें 8 हाफ सेंचुरी शामिल हैं.