- Home
- News
- Robin Singh: I don’t think it was a good call to leave Ajinkya Rahane, Ambati Rayudu out of World Cup squad
'रहाणे, रायडू को विश्व कप टीम से बाहर रखना गलत था'
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रॉबिन सिंह का कहना है अजिंक्य रहाणे और अंबाती रायडू को विश्व कप स्क्वाड में जगह मिलनी चाहिए थी।
Published On Jul 28, 2019, 11:57 AM IST
Last UpdatedJul 28, 2019, 11:57 AM IST
न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में हारकर तीसरे खिताब से चूकी भारतीय टीम को पूरे टूर्नामेंट के दौरान भरोसेमंद मध्यक्रम बल्लेबाज की कमी खली। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रॉबिन सिंह का भी यही मानना है। हाल ही में टीम इंडिया के नए मुख्य कोच पद के लिए आवेदन करने वाले सिंह का कहना है कि विश्व कप में भारत को अजिंक्य रहाणे और अंबाती रायडू की कमी खली।
मिड डे को दिए बयान में सिंह ने कहा कि वो अपने विश्व कप स्क्वाड में इन दो अनुभवी बल्लेबाजों को जरूर जगह देते। पूर्व क्रिकेटर ने कहा, “रहाणे और रायडू मेरे सेट-अप में जरूर होते, निश्चित तौर पर। उनके पास इस तरह के हालातों में खेलने का अनुभव है। मुझे नहीं लगता कि (उन्हें स्क्वाड से बाहर रखना) ये सही फैसला था।”
पूर्व ऑलराउंडर ने रहाणे को विश्व कप स्क्वाड में ना चुने जाने पर ज्यादा निराशा व्यक्त की और उन्हें नंबर चार का सबसे अच्छा बल्लेबाज बताया। उन्होंने कहा, “रहाणे मेरे टीम में जरूर होता। वो मेरा नंबर चार का बल्लेबाज होता, वो नंबर पांच पर भी खेल सकता है और अच्छा सलामी बल्लेबाज भी है। उसके पास इंग्लैंड के हालात में खेलने की काबिलियत है।”
ईश सोढ़ी ने रचा इतिहास, लिया GT20 कनाडा का पहला 5-विकेट हॉल
उन्होंने आगे कहा, “आपको अच्छी तकनीक और स्वभाव वाले लोगों की जरूरत है। कोई भी एक अच्छे ट्रैक पर खेल सकता है, लेकिन अगर पिच थोड़ा सी हरकत कर रही है, तो आपको अच्छे स्वभाव और कौशल वाले खिलाड़ियों की जरूरत होती है।”