IND VS ENG: रोहित ने बल्ले से दिया तगड़ा जवाब, मगर टीम इंडिया ने 1-2 से गंवाई वनडे सीरीज

रोहित ने कप्तान शुभमन गिल के साथ 147 रन और अपने पुराने साथी विराट कोहली के साथ 113 रन की साझेदारी कर भारत की जीत की उम्मीदें जगा दी, मगर आखिरी ओवर्स में टीम इंडिया पिछड़ गई.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Jul 20, 2026, 12:33 AM IST

Published On Jul 20, 2026, 12:33 AM IST

Last UpdatedJul 20, 2026, 12:33 AM IST

IND VS ENG Match results

IND VS ENG Match results

रोहित शर्मा ने 138 रन की आक्रामक पारी खेल कर आलोचकों को करार जवाब दिया लेकिन उनकी शानदार बल्लेबाजी के बावजूद लॉर्ड्स में रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे में भारत को 27 रन से हार का सामना करना पड़ा. इंग्लैंड ने इसके साथ ही तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली.

इंग्लैंड ने बेन डकेट के करियर के सर्वश्रेष्ठ 142 रन और जैकब बेथेल के 91 रन की मदद से पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 387 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने रोहित शर्मा के 138 रन, शुभमन गिल के 77 और विराट कोहली के 74 रन की बदौलत सात विकेट पर 360 रन बनाए. इंग्लैंड की जीत में पूर्व कप्तान जोस बटलर की आखिरी ओवरों में खेली गई 13 गेंदों में 41 रन की तूफानी पारी निर्णायक साबित हुई. उनकी इस पारी के दम पर इंग्लैंड ने अंतिम पांच ओवरों में 82 रन जुटाए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

रोहित शर्मा ने आलोचकों को दिया तगड़ा जवाब

रोहित के लिए यह मुकाबला बेहद अहम था, चयनकर्ताओं और मुख्य कोच द्वारा भविष्य की योजनाओं में उनसे आगे बढ़ने की चर्चाओं के बीच 39 वर्षीय पूर्व कप्तान पर काफी दबाव था, वह लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारत को सीरीज जिताने और अपनी विरासत को बचाने की चुनौती के साथ उतरे थे. रोहित ने अपना 34वां वनडे शतक पूरा करने के बाद न तो बल्ला उठाकर जश्न मनाया और न ही लॉर्ड्स के ‘मेंबर्स’ बालकनी से मिली तालियों का अभिवादन किया.

उनकी 110 गेंदों पर खेली गई 138 रन की पारी में संघर्ष, और जज्बा साफ दिखाई दिया. इंग्लैंड में उनका यह आखिरी वनडे मुकाबला था और आने वाले समय में लोग इसे एक अनुभवी खिलाड़ी के साहसिक संघर्ष के रूप में याद करेंगे.

रोहित ने गिल और कोहली के साथ की साझेदारी

रोहित ने कप्तान शुभमन गिल के साथ 147 रन और अपने पुराने साथी विराट कोहली के साथ 113 रन की साझेदारी कर भारत की जीत की उम्मीदें जगा दी थीं. उनकी पारी में 17 चौके और पांच छक्के शामिल रहे, जिनमें से तीन छक्के जोश टंग पर लगाए गए। उन्होंने सैम कुरन की गेंद पर भी शानदार पुल शॉट से छक्का लगाया. सैम कुरन ने 10 ओवर में 75 रन देकर चार विकेट लिए और इंग्लैंड की जीत सुनिश्चित कर दी.

अंतिम ओवरों में उनकी धीमी गति की गेंदों का भारत के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। उन्होंने सात गेंदों के अंदर इशान किशन, श्रेयस अय्यर और विराट कोहली के विकेट लेकर मुकाबले का रुख बदल दिया. इंग्लैंड के लिए बल्ले से योगदान देने के बाद बेथल ने बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से अहम योगदान दिया. उन्होंने सात ओवर में 49 रन देकर उन्होंने एक विकेट लिया. भारत की ओर से अक्षर पटेल अकेले विशेषज्ञ स्पिनर के रूप में खेले जिससे कुलदीप यादव को एकादश से बाहर रखने की योजना पर सवाल उठे.

सीरीज गंवाने के बावजूद यह तय माना जा रहा है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली 2027 वनडे विश्व कप तक भारतीय टीम की योजनाओं का हिस्सा बने रहेंगे.

भारतीय गेंदबाजों ने किया निराश

भारत को मैच से पहले ही बड़ा झटका लगा, जब तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बाएं घुटने में लगी चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गए। उनकी अनुपस्थिति भारतीय टीम को भारी पड़ी और इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने इसका पूरा फायदा उठाया. इस मैच में खेल रहे भारत के चार तेज गेंदबाजों प्रसिद्ध कृष्णा (10 ओवर में 69 रन देकर दो विकेट), अर्शदीप सिंह (10 ओवर में 72 रन), प्रिंस यादव (10 ओवर में 79 रन देकर एक विकेट) और गुरनूर बराड़ (10 ओवर में 97 रन) के संयुक्त खाते में महज 51 एकदिवसीय मैचों का अनुभव था. अनुभव और धार की कमी के कारण वे शानदार लय में बल्लेबाजी कर रही इंग्लैंड की टीम पर दबाव बनाने में नाकाम रहे.

जवाब मिल गया… रोहित शर्मा की शतकीय पारी का फैन हुआ सोशल मीडिया

डकेट और बेथेल के बीच रिकॉर्ड साझेदारी

डकेट और बेथेल (93 गेंदों में 91 रन) ने अपनी योजना और शानदार बल्लेबाजी से भारतीय गेंदबाजों को पूरी तरह बेअसर कर दिया। शुरुआती 10 ओवर के पावरप्ले में इंग्लैंड ने 58 रन बनाए, लेकिन 11वें से 30वें ओवर के बीच दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली और तेजी से रन बटोरे. दोनों की 192 रन की साझेदारी भारत के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए इंग्लैंड की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी बन गयी. डकेट ने इसके साथ ही ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर वनडे की सबसे बड़ी पारी के दिग्गज विवियन रिचर्ड्स (इंग्लैंड के खिलाफ 1979 में नाबाद 138 रन) के 47 साल पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

इंग्लैंड की पारी में डकेट ने एक छक्के के साथ 18 चौके लगाए, जबकि बेथेल ने 11 चौके और एक छक्का जड़ा. जो रूट ने भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 48 गेंदों पर नाबाद 74 रन बनाए और तीनों मैचों में अर्धशतक लगाने का कारनामा किया। बटलर की तेजतर्रार पारी ने स्कोर को 350 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. भारतीय गेंदबाजों की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। लॉर्ड्स की पिच की ढलान पर गेंदबाजी कर रहे युवा प्रिंस पनी लाइन और लेंथ से जूझते नजर आए। अर्शदीप भी लय में नहीं दिखे, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने कुछ मौकों पर बेथेल को परेशान किया, लेकिन अतिरिक्त रन देने से नहीं बच सके।

बेथेल ने 51 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इंग्लैंड ने 16वें ओवर तक 100 रन पूरे कर लिए. उस समय तक भारतीय गेंदबाज 15 चौके दे चुके थे और उनकी लाइन-लेंथ बेहद कमजोर नजर आ रही थी. पूरे मैच में भारतीय गेंदबाजों ने कुल 42 चौके और छह छक्के दिए.

Editor's Pick