इंग्लैंड के खिलाफ लंदन के द ओवल में खेले गए पहले वनडे इंटरनेशनल मुकाबले में कप्तान रोहित शर्मा ने नाबाद 76 रनों की पारी खेलते हुए न केवल भारत को 10 विकेट से बड़ी जीत दिलाई बल्कि रिकॉर्ड्स की झड़ी भी लगा दी। रोहित ने अपनी 76 रनों क पारी में 6 चौके और 5 छक्के लगाए। इसके साथ ही रोहित ने वनडे में 250 छक्के पूरे करने का बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। रोहित वनडे में ऐसा करने वाले भारत के पहले बल्लेबाज हैं। यही नहीं, 50 ओवर के फॉर्मेट में रोहित चौथे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। इस मामलें में पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी पहले और क्रिस गेल दूसरे नंबर पर हैं।
वनडे में सबसे ज्यादा छक्के:-
- 351 – शाहिद अफरीदी
- 331 – क्रिस गेल
- 270 – सनथ जयसूर्या
- 250 – रोहित शर्मा
- 229 – एमएस धोनी
रोहित के बल्ले से निकली 76 रनों की पारी SENA देशों में उनकी 28वीं 50+ की पारी है। SENA देशों में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ के बाद सबसे ज्यादा बार ये कारनामा करने वाले रोहित चौथे भारतीय बल्लेबाज हैं।
ODI में SENA देशों में भारतीयों द्वारा सर्वाधिक 50+ स्कोर:-
- 38 – विराट कोहली
- 34 – सचिन तेंदुलकर
- 32 – राहुल द्रविड़
- 28 – रोहित शर्मा
- 24 – एमएस धोनी
इस पारी की बदौलत रोहित शर्मा इंग्लैंड में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मेहमान बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के केन विलियमसन को पछाड़ते हुए ये उपलब्धि अपने नाम की। भारत के विराट कोहली इंग्लैंड में दूसर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।
इंग्लैंड में मेहमान खिलाड़ियों द्वारा सर्वाधिक वनडे रन:
1411 – रोहित शर्मा
1393 – केन विलियमसन
1387 – रिकी पोंटिंग
1345 – विव रिचर्ड्स
1316 – विराट कोहली
इस मुकाबले में भारत को जीत तक पहुंचाने में शिखर धवन ने रोहित शर्मा का बखूबी साथ दिया और पहले विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी की बदौलत धवन और रोहित की जोड़ी वनडे क्रिकेट में 5 हजार रन पूरे करने वाली भारत की दूसरी और दुनिया की चौथी सलामी जोड़ी बन गई। इस मामलें में टॉप पर सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की जोड़ी है जिसके नाम वनडे में बतौर सलामी जोड़ी 6609 रन दर्ज हैं।