- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Rohit Sharma is no longer part of Team India’s plans for the 2027 ODI World Cup
रोहित शर्मा लॉर्ड्स में तीसरे वनडे मैच के बाद लेंगे संन्यास ! रिपोर्ट्स में बड़ा दावा
बीसीसीआई 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए युवा खिलाड़ियों की तरफ देख रही है. ऐसे में वनडे में रोहित शर्मा की जगह यशस्वी जायसवाल को बतौर ओपनर मौका दिया जा सकता है.
Published On Jul 16, 2026, 10:44 PM IST
Last UpdatedJul 16, 2026, 10:44 PM IST
Rohit Sharma flop
भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को लेकर सबसे बड़ी खबर आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित शर्मा लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के बाद संन्यास ले सकते हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की वरिष्ठ चयन समिति ने रोहित शर्मा को साफ कर दिया है कि इस सीरीज के बाद टीम भविष्य की योजनाओं के साथ आगे बढ़ेगी. मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा के साथ बैठक कर उन्हें इससे अवगत करा दिया है.
भारत के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा का बल्ला इंग्लैंड सीरीज में नहीं चला है. पहले वनडे मैच में 11 रन की पारी खेलने वाले रोहित शर्मा दूसरे मैच में सिर्फ 26 रन बना सके. दूसरे वनडे मैच में रोहित काफी संघर्ष करते नजर आए और 26 रन की पारी के लिए उन्होंने 47 गेंदों का सामना किया और अपनी इनिंग में एक चौका और एक छक्का लगाया.
पिछली आठ वनडे पारियों में 39 साल के रोहित शर्मा ने केवल 241 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 30.1 और स्ट्राइक रेट 88.6 रहा है, जबकि उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला है.
युवा खिलाड़ियों की तरफ देख रही है बीसीसीआई
बीसीसीआई 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए युवा खिलाड़ियों की तरफ देख रही है. ऐसे में वनडे में रोहित शर्मा की जगह यशस्वी जायसवाल को बतौर ओपनर मौका दिया जा सकता है, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पिछले मैच में शतक लगाया था, मगर उसके बावजूद वह टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं.
फ्यूचर प्लान का हिस्सा नहीं हैं रोहित शर्मा
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर इस दौरे पर टीम के साथ कार्डिफ में मौजूद हैं. सूत्रों का कहना है कि चयनकर्ता अगले वर्ष होने वाले वनडे विश्व कप के लिए दो आईसीसी ट्रॉफी जीत चुके भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को अपनी भविष्य की योजनाओं का हिस्सा नहीं मान रहे हैं. चयन मामलों से जुड़े बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, राष्ट्रीय चयनकर्ता चाहते हैं कि यशस्वी जायसवाल को लंबा मौका दिया जाए, उन्होंने तीन पारियों में दो शतक लगाए हैं. विश्व कप से पहले लगभग 20 वनडे मैच बाकी हैं और जायसवाल को ये सभी मैच खेलने का अवसर मिलना चाहिए.
रोहित शर्मा खुद करेंगे अंतिम फैसला !
सूत्र ने कहा, कोई भी रोहित शर्मा से संन्यास लेने के लिए नहीं कह सकता. लेकिन यह स्पष्ट है कि सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे श्रृंखला से चयनकर्ता भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं. रोहित के भविष्य को लेकर अंतिम फैसला उन्हें स्वयं करना होगा. सूत्रों के अनुसार, मुख्य कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर इस मुद्दे पर एकमत हैं कि विराट कोहली अपनी मौजूदा फॉर्म और फिटनेस के कारण टीम में स्वतः चयन के हकदार हैं जबकि रोहित शर्मा के मामले में ऐसी स्थिति नहीं है.
यह भी समझा जाता है कि यदि इंग्लैंड दौरे के बाद भी रोहित शर्मा को टीम में बनाए रखा जाता है, तो यशस्वी जायसवाल को महत्वपूर्ण मैच अनुभव से वंचित होना पड़ेगा, जिसे चयनकर्ता उचित नहीं मानते.
महज 26 रन की पारी… मगर रोहित शर्मा ने दूसरे वनडे में बनाया बड़ा कीर्तिमान
बीसीसीआई सूत्र ने क्या कहा ?
बीसीसीआई सूत्र ने कहा, चयनकर्ताओं ने रोहित को स्पष्ट कर दिया है कि इंग्लैंड दौरे के बाद वह उनकी भविष्य की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं और इस सीरीज के बाद टीम आगे बढ़ेगी. ऐसे में रोहित शर्मा लॉर्ड्स में अपना आखिरी वनडे मैच खेलते नजर आ सकते हैं, हालांकि बीसीसीआई की तरफ से आधिकारिक रूप से कोई घोषणा नहीं की गई है.