- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Rohit Sharma Retires from test format before india tour of england
रोहित शर्मा ने सबको चौंकाया, IPL के बीच टेस्ट को कहा अलविदा
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने सबको चौंकाते हुए आज अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है.
Published On May 07, 2025, 07:39 PM IST
Last UpdatedMay 07, 2025, 07:39 PM IST
Rohit Sharma Retire From Test Cricket: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने सबको चौंकाते हुए आज अचानक टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. रोहित ने आईपीएल के बीच और अगले महीन भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले टेस्ट सीरीज से ठीक पहले यह बड़ा फैसला करते हुए टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कह दिया है.
भारत के इस धाकड़ खिलाड़ी ने आईपीएल के बीच आज अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से स्टोरी शेयर करते हुए यह ऐलान किया कि वह अब टेस्ट फॉर्मेट में नजर नहीं आएंगे. रोहित ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘हेलो एवरीवन मैं आप सभी को यह बताना चाहता हूं कि मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं. अपने देश का टेस्ट क्रिकेट में प्रतिनिधित्व करना बहुत गर्व की बात है. इतने वर्षों तक प्यार और सपोर्ट देने के लिए शुक्रिया. मैं वनडे क्रिकेट में देश का प्रतिनिधित्व करता रहूंगा.
वनडे में खेलते रहेंगे हिटमैन
रोहित शर्मा को फैंस अब मैदान में सिर्फ वनडे फॉर्मेट में देख पाएंगे. अपने टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास की जानकारी देते हुए भी रोहित शर्मा ने बताया है कि वह वनडे में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे. रोहित ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 की खिताबी जीत के बाद टी20 को अलविदा कहा था अब बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत को मिली हार के बाद हिटमैन ने टेस्ट को अलविदा कहा है. भारत को अगले महीने इंग्लैंड दौरे से डब्ल्यूटीसी के अगले चरण का आगाज करेगी. इस चक्र के आगाज से ठीक पहले रोहित का टेस्ट छोड़ना काफी चौंकाने वाला है.
शानदार रहा रोहित शर्मा का टेस्ट करियर
भारतीय टीम के लिए रोहित शर्मा का टेस्ट करियर काफी शानदार रहा. उन्होंने अपने करियर में 67 टेस्ट मैच खेले थे. इसमें रोहित शर्मा ने कमाल का खेल दिखाते हुए 12 शतक और 18 अर्धशतक ठोके. उन्होंने टेस्ट में 40.57 की कमाल की औसत से 4301 रन बनाए थे. रोहित ने टेस्ट फॉर्मट में भी बल्ले से जमकर मनोरंजन किया. उनके संन्यास लेने की खबर ने फैंस को चौंका दिया है. किसी को यह भरोसा नहीं हो रहा है कि हिटमैन ने टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कह दिया है.
11 साल के लंबे करियर पर रोहित ने लगाया ब्रेक
इसके साथ ही रोहित के 11 साल लंबे टेस्ट करियर का समापन हो गया. इस दौरान रोहित ने 67 टेस्ट मैच खेले. और 23 में भारत की कप्तानी की. रोहित ने 2022 में विराट कोहली से भारत की टेस्ट कप्तानी संभाली थी. अपने टेस्ट करियर में रोहित ने 12 सेंचुरी के साथ 4302 रन बनाए.
रोहित ने साल 2010 में नागपुर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करना था. लेकिन तब टॉस से पहले ही टखने में चोट लग गई थी. इसके बाद अगले मौके के लिए उन्हें तीन साल तक इंतजार करना पड़ा. वेस्टइंडीज के खिलाफ 2013 में उन्होंने कोलकाता में अपना पहला टेस्ट मैच खेला. उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट मैच में सेंचुरी लगाई. और उसके बाद मुंबई में खेले गए टेस्ट में एक और सेंचुरी जड़ी.
इसके बाद रोहित अपनी इस फॉर्म को जारी नहीं रख पाए. डेब्यू के बाद रोहित ने अपनी अगली टेस्ट सेंचुरी साल 2017 में नागपुर में श्रीलंका के खिलाफ लगाई. साल 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में दो सेंचुरी लगाई. इसमें रांची में 212 रन भी शामिल थे. इसे बाद इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में 2021 में 161 और फिर ओवल में 127 रन की मैच जिताऊ पारी खेली.
रोहित की कप्तानी का रिकॉर्ड हालांकि इस वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल में खराब हो गया जब घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में 0-3 से हार मिली. भारत 12 साल में पहली बार घर पर सीरीज हारा. और फिर ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भारत को हार मिली. रोहित सीरीज के आखिरी टेस्ट में सिडनी में नहीं खेले. उनकी कप्तानी में भारत का टेस्ट रिकॉर्ड 12 जीत और 8 हार का रहा.