- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Rohit Sharma said I wanted four spinners and three fast bowlers Hardik as the fourth fast bowler
क्यों चुने गए हार्दिक, रिंकू को क्यों नहीं मिली जगह; रोहित ने दिए सभी सवालों के जवाब
T20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए जब टीम इंडिया का ऐलान किया गया तो सभी के मन में कई सवाल थे जिनका आज रोहित शर्मा और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने खुलकर जवाब दिया.
Published On May 02, 2024, 05:56 PM IST
Last UpdatedMay 02, 2024, 05:56 PM IST
PIC- @IPL
T20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय टीम का ऐलान 30 अप्रैल को कर दिया गया था. इस टीम में खराब फॉर्म से जूझ रहे हार्दिक पांड्या को भी बतौर उपकप्तान शामिल किया गया. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर क्यों हार्दिक पांड्या को टीम में मौका दिया गया. इस सवाल का जवाब अब रोहित शर्मा ने मीडिया से मुखातिब होने के दौरान दिया. रोहित ने कहा, “मैं चार स्पिनर और तीन तेज गेंदबाज, चौथे तेज गेंदबाज के रूप में हार्दिक को चाहता था.”
रिंकू की कोई गलती नहीं
रिंकू को टीम में न जगह न मिलने के पीछे की वजह मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बताई. अगरकर ने कहा, “रिंकू को बाहर रखना बहुत कठिन था लेकिन एक अतिरिक्त गेंदबाज की जरूरत थी. रिंकू में कोई खराबी नहीं बस वह हमारी टीम में फिट नहीं बैठ रहे थे.” बता दें, रिंकू की जगह शिवम दुबे को वर्ल्ड कप टीम में चुना गया. रोहित ने शिवम दुबे के सिलेक्शन को लेकर कहा, “IPL में और उससे पहले कुछ मैचों में शिवम दुबे के प्रदर्शन को देखकर उनका चयन हुआ.” रोहित ने कहा, “अगर हमें शिवम दुबे से कुछ ओवर फेंकने की जरूरत होगी तो वह गेंदबाजी करेंगे, हार्दिक के साथ भी ऐसा ही होगा.”
मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर आईपीएल में खराब फॉर्म से जूझ रहे हार्दिक को T20 वर्ल्ड कप टीम का उपकप्तान बनाये जाने से क्रिकेट जगत को हैरानी हुई है. उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप में भारत के लिये एकमात्र मैच अक्टूबर 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था.
हार्दिक का कोई विकल्प नहीं
अगरकर ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘उपकप्तानी को लेकर कोई बात नहीं हुई. उसने अभी तक मुंबई इंडियंस के लिये सारे मैच खेले हैं. हमें एक महीने और कुछ दिन बाद ही पहला मैच खेलना है. वह फिट है तो वह जो कर सकता है, उसका कोई विकल्प नहीं है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह चोट के बाद लंबे समय में वापसी कर रहा है. हमें उम्मीद है कि वह इस पर काम कर रहा है. गेंदबाजी करने पर वह रोहित को काफी विकल्प और संतुलन दे सकता है.’’
केएल पर भारी पड़े संजू
हार्दिक आईपीएल से पहले टखने की चोट से उबरे हैं और रोहित की जगह उन्हें मुंबई का कप्तान बनाने से प्रशंसकों में काफी रोष है. केएल राहुल को बाहर रखने के बारे में अगरकर ने कहा कि उन्हें मध्यक्रम के बल्लेबाज की जरूरत थी और यही वजह है कि संजू सैमसन को चुना गया. उन्होंने कहा, ‘‘केएल शानदार खिलाड़ी है और हम सभी जानते हैं. हमें मध्यक्रम के बल्लेबाज की जरूरत थी और वह शीर्षक्रम का बल्लेबाज है. संजू में यह क्षमता है. ऋषभ भी पांचवें नंबर पर उतरता है तो यही हमारी सोच थी.’’
T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, हार्दिक पंड्या (उपकप्तान), रविंद्र जडेजा, शिवम दूबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज.
रिजर्व खिलाड़ी: शुभमन गिल, रिंकू सिंह, खलील अहमद और अवेश खान