'अभी नहीं बताऊंगा', 4 स्पिनर को टीम में चुने जाने के सवाल पर बोले रोहित

भारत ने वेस्टइंडीज और यूएसए में जून से होने वाले आगामी पुरुष T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम में ऋषभ पंत और संजू सैमसन को विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में चुना है.

Edited By : Vanson Soral |May 02, 2024, 07:05 PM IST

Published On May 02, 2024, 07:05 PM IST

Last UpdatedMay 02, 2024, 07:05 PM IST

Rohit Sharma

PIC- @BCCI

मुंबई। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि टीम प्रबंधन T20 वर्ल्ड कप में चार स्पिनरों के चयन को लेकर स्पष्ट था और अंतिम 15 खिलाड़ी चुनने में आईपीएल की बहुत भूमिका नहीं थी. भारत ने वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले T20 वर्ल्ड कप के लिये चार स्पिनर और तीन तेज गेंदबाज चुने हैं. कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल कलाई के स्पिनर हैं जबकि अक्षर पटेल और रविंद्र जडेजा स्पिन हरफनमौला हैं.

रोहित ने नहीं बताई वजह

रोहित ने यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में सवालों के जवाब में कहा ,‘‘मैं इस बारे में तफ्सील से बात नहीं करूंगा लेकिन मैं चार स्पिनर चाहता था. हमने वहां काफी क्रिकेट खेली है. मैच सुबह दस बजे से शुरू होते हैं और इसमें काफी तकनीकी पहलू है.’’ उन्होंने कहा,‘ चार स्पिनरों को चुनने का कारण मैं अभी नहीं बताऊंगा. मैं चार स्पिनर चाहता था जिनमें से दो हरफनमौला है और इससे टीम को संतुलन मिलता है. विरोधी टीम को देखकर हम टीम संयोजन चुनेंगे.’’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारतीय टीम का चयन मंगलवार को किया गया. रोहित ने कहा कि बीच के ओवरों में टीम की जरूरत का काफी ध्यान रखा गया. शिवम दुबे को रिंकू सिंह पर तरजीह देने पर भी काफी सवाल उठे हैं. रोहित ने कहा,‘‘हमें यह समझना होगा कि पिचें और विरोधी टीम संयोजन कैसा होगा. हमें बीच के ओवरों में आक्रामक बल्लेबाज की जरूरत है. शीर्षक्रम ठीक खेल रहा है. दूसरे विकल्प भी हैं. हमने उसे (दुबे को) आईपीएल और उससे पहले कुछ मैचों में उसके प्रदर्शन के आधार पर चुना. इसकी कोई गारंटी नहीं है कि अंतिम एकादश कैसी होगी.’’

IPL से पहले ही सोच ली थी टीम

उन्होंने कहा कि 70 से 80 प्रतिशत टीम आईपीएल से पहले ही सोच ली थी. उन्होंने कहा ,‘‘ आप अंतिम एकादश को ध्यान में रखकर उसके हिसाब से सोचते हैं. अंतिम 15 के बारे में बात IPL से काफी पहले ही शुरू हो गई थी. कुछ स्थानों को लेकर हमने आईपीएल में विचार किया. IPL में प्रदर्शन हर दिन बदलता है. कोई भी आकर शतक बना सकता है या पांच विकेट ले सकता है. हमें आईपीएल से पहले ही अपनी 70 से 80 फीसदी टीम पता थी.’’

T20 वर्ल्ड कप के लिये भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज.

रिजर्व खिलाड़ी: शुभमन गिल, रिंकू सिंह, खलील अहमद और आवेश खान.

Editor's Pick