आईसीसी वनडे रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंचे रोहित शर्मा
शिखर धवन भी चार अंको के फायदे के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं।
Published On Sep 30, 2018, 12:14 PM IST
Last UpdatedSep 30, 2018, 12:14 PM IST
Rohit Sharma © AFP
भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ताजा जारी आईसीसी वनडे रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। रोहित विराट कोहली, जो कि नंबर एक पर बने हुए हैं, के बाद वनडे के दूसरे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित के साथ बल्लेबाज शिखर धवन भी चार अंको के फायदे के साथ नंबर पर पांच पर आ गए हैं। अब वनडे रैंकिंग के टॉप पांच बल्लेबाजों की सूची में तीन भारतीय खिलाड़ी हैं।
एशिया कप में भारत की कप्तानी करने वाले रोहित ने टूर्नामेंट में एक शतक और अर्धशतकों की मदद से कुल 317 रन बनाए। वहीं 342 रन बनाकर धवन मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे।
गेंदबाजी की बात करें तो तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वनडे रैंकिंग में नंबर एक पर बने हुए हैं। अच्छी बात ये है कि स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने तीन अंको के फायदे के साथ अपने करियर सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की और वनडे रैंकिंग में नंबर पर तीन पर पहुंच गए हैं। अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज राशिद खान वनडे गेंदबाजों की सूची में नंबर पर दो पर बने हुए हैं।
राशिद छह अंकों के फायदे के साथ बांग्लादेश के शाकिब अल हसन को पछाड़कर वनडे ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में नंबर एक पर आ गए हैं। ऑलराउंडर खिलाड़ियों की सूची के टॉप 10 में एक भी भारतीय नहीं है। हार्दिक पांड्या अब भी 15वें नंबर पर बने हुए हैं।