- Home
- News
- Rohit Sharma, Shikhar Dhawan make the most exciting and destructive opening pair in the world, says Sunil Gavaskar
'दुनिया की सबसे विस्फोटक सलामी जोड़ी है रोहित शर्मा-शिखर धवन'
पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने कहा है कि भारत-पाकिस्तान मैच का नतीजा कोई नहीं बता सकता है।
Published On Sep 23, 2018, 10:20 AM IST
Last UpdatedSep 23, 2018, 10:20 AM IST
Shikhar Dhawan, Rohii Sharma © Getty Images (File Photo)
पिछले कई सालों से रोहित शर्मा और शिखर धवन सीमित ओवर के फॉर्मेट में भारत के लिए सलामी बल्लेबाजी कर रहे हैं। वनडे हो या टी20 दोनों फॉर्मेट में रोहित और धवन की जोड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन करती है। ये दोनों खिलाड़ी अकेले जितने अच्छे बल्लेबाज हैं, एक साथ मिलकर ये उससे कई गुना बेहतर हो जाते हैं। ऐसा मानना है पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का।
टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए लिखे कॉलम में गावस्कर ने रोहित और धवन को दुनिया की सबसे घातक सलामी बल्लेबाज जोड़ी बताया। उन्होंने लिखा, “रोहित शर्मा और शिखर धवन मिलकर दुनिया की सबसे रोमांचक और विस्फोटक सलामी बल्लेबाजी जोड़ी बनाते हैं। दोनों बल्लेबाज एक दूसरे के पूरक है और एक दूसरे के ऊपर से दबाव कम करते हैं।”
एशिया कप में कप्तानी करते हुए दो अर्धशतकों के साथ 158 रन बना चुके रोहित शर्मा शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। गावस्कर का कहना है कि रोहित टेस्ट टीम से उन्हें बाहर किए जाने के फैसले को गलत साबित कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, “रोहित शर्मा के पास टेस्ट टीम से उन्हें निकालने के फैसले को गलत साबित करने का प्वाइंट है और वो अपने स्टाइल में उसे गलत साबित कर रहा है। क्रिकेट की दुनिया में रोहित शर्मा को अपने पूरे कौशल के साथ बल्लेबाजी करते देखने से ज्यादा खूबसूरत कम ही दृश्य हैं।”
गावस्कर ने भारतीय टीम के गेंदबाजी अटैक और दुबई की पिचों पर उसे सही तरीके से इस्तेमाल करने के लिए रोहित शर्मा की तारीफ की। उन्होंने लिखा, “भारतीय तेज गेंदबाजों से विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को कोई राहत नहीं मिली है, उन्होंने इतनी कसी लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी की है जिससे बल्लेबाजों के लिए खुलकर खेलना लगभग असंभव हो गया है। फिर आपके स्पिन गेंदबाज आते है, जब बल्लेबाज बड़ा शॉट लगाने के लिए ललचा जाता है और आउट हो जाता है।”
उन्होंने आगे लिखा, “इसके बाद आपके पास केदार जाधव है जो अपने डिलिवरी प्वाइंट्स के वैरिएशन से बल्लेबाज को परेशान करता है। इस अटैक में अब रविंद्र जडेजा भी जुड़ गए हैं, जिन्हें चयनकर्ताओं को ये साबित करके दिखाना है कि उनके अंदर टीम में संतुलन लाने की क्षमता है। कप्तान रोहित शर्मा इतने समझदार हैं कि उन्हें एहसास है कि यहां की पिचों पर धीमे गेंदबाज तेज गेंदबाजों से ज्यादा सफल साबित होंगे और वो उनका सही तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं।”