×

अजिंक्य रहाणे का शानदार शतक, दिल्ली को 192 रन का लक्ष्य

अजिंक्य रहाणे की शतकीय पारी के दम पर राजस्थान ने दिल्ली के सामने 20 ओवर में 6 विकेट पर 191 रन का स्कोर खड़ा किया है।

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Published on - April 22, 2019 9:47 PM IST

कप्तानी से हटाए जाने के बाद दूसरे ही मुकाबले में अजिंक्य रहाणे ने धमाकेदार शतकीय पारी खेल आलोचकों को करारा जवाब दिया। इंडियन टी20 लीग के 40वें मुकाबले में दिल्ली के खिलाफ इस शतकीय पारी के दम पर राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 191 रन का स्कोर खड़ा किया है।

दिल्ली के खिलाफ बल्लेबाजी करने उतरे राजस्थान के ओपनर रहाणे आज के मुकाबले में अलग ही रंग में नजर आए। उन्होंने पहला विकेट गिरने के बाद भी रन बनाने की रफ्तार धीमी नहीं पड़ने दी और ताबड़तोड़ शॉट लगाते हुए शतकीय पारी खेली। रहाणे का इंडियन टी20 लीग में यह दूसरा शतक है। 32 गेंद पर अर्धशतक पूरा करने वाले रहाणे ने 58 गेंद पर अपना शतक बनाया। इस दौरान उनके बल्ले से 11 चौके और तीन छक्के निकले। रहाणे 63 गेंद पर 105 रन की नाबाद पारी खेलकर मैदान से वापस लौटे।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान को महज 5 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा था। संजू सैमसन बिना एक भी गेंद खेले शून्य पर रन आउट हो गए। दूसरे ओवर में विकेट खोने के बाद कप्तान स्टीव स्मिथ ने रहाणे का भरपूर साथ निभाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी निभाई।

स्मिथ ने 31 गेंद खेलकर 8 चौका लगाते हुए टूर्नामेंट में लगातार दूसरा अर्धशतक जमाया। पचास रन के स्कोर पर वह अक्षर पटेल की गेंद पर क्रिस मॉरिस द्वारा लिए गए कैच पर आउट हुए। इसके बाद राजस्थान को जल्दी जल्दी दो और झटके लगे। बेन स्टोक्स 8 रन बनाकर मॉरिस की गेंद पर श्रेयस अय्यर को कैच दे बैठे जबकि एश्टन टर्नर लगातार तीसरे मैच में बिना खाता खोले आउट हुए।

आखिरी ओवर में कगीरो रबाडा ने स्टुर्अट बिन्नी और रियान पराग का विकेट झटक टीम के 200 रन के स्कोर की उम्मीद पूरी नहीं होने दी। दिल्ली की तरफ से रबाडा ने दो विकेट हासिल किए। इशांत शर्मा, अक्षर पटेल और क्रिस मॉरिस मे एक-एक विकेट हासिल किए।