चेन्नई की जीत का जश्न हुआ फीका, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर लगा भारी जुर्माना
आईपीएल 2026 में ऋतुराज गायकवाड़ तीसरे कप्तान हैं जिन पर आईपीएल प्रबंधन की तरफ से एक्शन लिया गया है.
Published On Apr 12, 2026, 01:53 PM IST
Last UpdatedApr 12, 2026, 01:53 PM IST
Ruturaj gaikwad
Ruturaj Gaikwad fined: आईपीएल 2026 में शनिवार को चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हरा दिया. सीजन के चौथे मुकाबले में सीएसके की यह पहली जीत है. सीएसके के कप्तान गायकवाड़ के लिए इस जीत का जश्न फीका हो गया, जब उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. ऋतुराज गायकवाड़ पर धीमे ओवर रेट की वजह से जुर्माना लगाया है.
आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि यह आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत उनकी टीम का सीजन का पहला अपराध था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, इसलिए गायकवाड़ पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. अगले मैचों में भी अगर गायकवाड़ समय पर अपनी टीम से पूरे 20 ओवर नहीं करा सके तो उन पर लगने वाले जुर्माने की राशि बढ़ सकती है.
आईपीएल 2026 में गायकवाड़ तीसरे कप्तान हैं जिन पर धीमे ओवर रेट की वजह से जुर्माना लगाया गया है. उनसे पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर और गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल पर जुर्माना लगाया जा चुका है. अय्यर ने लगातार दो मैचों में धीमी ओवर-रेट बनाए रखी, सबसे पहले 31 मार्च को न्यू चंडीगढ़ में गुजरात टाइटंस के खिलाफ और फिर 2 अप्रैल को सीएसके के खिलाफ उन पर धीमे ओवर रेट की वजह से जुर्माना लगाया गया था, पहले मैच में श्रेयस पर 12 लाख तो दूसरे मैच में 24 लाख का जुर्माना लगाया गया था. शुभमन गिल को 8 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ धीमे ओवर रेट का दोषी पाया गया था.
संजू सैमसन- जेमी ओवरटन ने दिलाई चेन्नई को जीत
सीएसके और डीसी के बीच हुए मैच की बात करें तो संजू सैमसन के नाबाद 115 रन की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन बनाए थे, जेमी ओवरटन ने 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट लेते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 189 रन पर समेटने और सीएसके को 23 रन से सीजन की पहली जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई, संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द मैच रहे.