×

न्यूजीलैंड सीरीज से पहले रुतुराज गायकवाड़ का जलवा, सेंचुरी बनाकर ठोका मजबूत दावा

रुतुराज गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तराखंड के खिलाफ सेंचुरी लगाई. गायकवाड़ ने इस सेंचुरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए अपना दावा पेश किया है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 31, 2025 5:35 PM IST

रुतुराज गायकवाड़ ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए अपना दावा पेश किया है. महाराष्ट्र के इस बल्लेबाज ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के मुकाबले में उत्तराखंड के खिलाफ 113 गेंद पर 124 रन की पारी खेली. उनकी पारी की मदद से महाराष्ट्र ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 331 रन का स्कोर खड़ा किया. उत्तराखंड की टीम इसके जवाब में 202 पर ऑल आउट हो गई. महाराष्ट्र ने यह मैच 129 से जीता.

दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में 12 चौके और तीन छक्के लगाए. एक वक्त पर उनकी टीम का स्कोर 23.3 ओवर में चार विकेट पर 100 रन था. गायकवाड़ जब क्रीज पर आए तब महाराष्ट्र का स्कोर 2 विकेट पर 46 रन था. सलामी बल्लेबाज अर्शिन कुलकर्णी 13 और सिद्धेश वीर 12 रन बनाकर आउट हो गए थे.

गायकवाड़ ने महाराष्ट्र की पारी को संभालने का काम किया. उन्होंने पहले राहुल त्रिपाठी के साथ 50 रन की साझेदारी की. पांचवें विकेट के लिए दोनों ने 81 गेंदों का सामना किया. फिर सत्यजीत बछाव के साथ मिलकर रनों को रफ्तार दी. दोनों ने 88 गेंदों पर 109 रन जोड़े. बछाव ने इसमें 45 गेंदों पर 56 रनों की पारी खेली.

रुतुराज गायकवाड़ ने 66 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की. इसके बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का गियर बदला. रामाकृष्णा घोष के साथ मिलकर 57 गेंद पर 94 रन जोड़े. घोष ने 31 गेंद पर 47 रन बनाए. गायकवाड़ ने 104 गेंद पर सेंचुरी पूरी की. और महाराष्ट्र की पारी को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. गायकवाड़ की यह पारी बिलकुल सही समय पर आई है. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज 11 जनवरी से शुरू होने वाली है. और कुछ ही दिनों में इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का सिलेक्शन होगा. अपनी इस पारी से गायकवाड़ ने भारतीय टीम में अपना दावा मजबूत किया है.

28 साल के इस बल्लेबाज को साउथ अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह मिली. श्रेयस अय्यर चोट के चलते टीम से बाहर थे और गायकवाड़ को उनकी जगह मौका दिया गया था. गायकवाड़ ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया. और सीरीज के दूसरे मैच में सेंचुरी लगाई. रायपुर में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने 83 गेंद पर 105 रन बनाए.

TRENDING NOW

इससे पहले साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ सीरीज में जबर्दस्त फॉर्म में थे. उन्होंने तीन पारियों में 201 रन बनाए. वह प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे. श्रेयस अय्यर का न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में खेलना मुश्किल है. ऐसे में गायकवाड़ का टीम में चुना जाना तय माना जा रहा है.