×

IPL 2026: सैमसन और म्हात्रे से सीखें रुतुराज गायकवाड़, रविचंद्रन अश्विन की CSK के कप्तान को सलाह

चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपने घरेलू मैदान चेपॉक स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 32 रन से हरा दिया. सुपर किंग्स की सीजन में यह लगातार दूसरी जीत है. इससे पहले उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को भी हराया था. इस जीत ने टीम के कप्तान रुतुराज...

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - April 15, 2026 3:20 PM IST

चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपने घरेलू मैदान चेपॉक स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 32 रन से हरा दिया. सुपर किंग्स की सीजन में यह लगातार दूसरी जीत है. इससे पहले उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को भी हराया था. इस जीत ने टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को बहुत राहत दी होगी. टीम को शुरुआती मैचों में हार मिली थी. और इसके बाद गायकवाड़ की कप्तानी पर काफी सवाल उठने लगे थे.

कोलकाता नाइट राइडर्स पर मिली जीत ने चेन्नई सुपर किंग्स को बहुत फायदा पहुंचाया है. टीम अब 8वें स्थान पर पहुंच गई है. और जिस तरह से टीम ने लगातार दो मैचों में खेल दिखाया है, खास तौर पर उनके गेंदबाजों का खेल बहुत अच्छा रहा है. लेकिन बतौर बल्लेबाज गायकवाड़ की खुद की फॉर्म बहुत अच्छी नहीं है. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ भी वह छह गेंद पर सिर्फ सात रन बना सके.

जिटोस्टार एक्सपर्ट रविचंद्रन अश्विन ने गायकवाड़ की बल्लेबाजी की समीक्षा करते हुए थोड़े बदलाव की सलाह दी.

जियोहॉस्टार के कार्यक्रम ‘गूगल सर्च एआई मोड मैच सेंटर लाइव’ पर अश्विन ने कहा, ‘एक कप्तान के तौर पर उन्हें कुछ जीत मिली हैं. इससे टूर्नामेंट में टीम को आसानी होनी चाहिए. सच कहूं तो, अगर मैं डगआउट में बैठा होता या ऋतुराज गायकवाड़ होता, तो मुझे ज्यादा परेशानी नहीं होती. टी20 एक ऐसा गेम है जहां आपको लगातार इंटेंट दिखाना होता है. बस मैं एक बात कहना चाहूंगा कि अगर आप आयुष म्हात्रे या संजू सैमसन को देखें, तो उन्होंने मैदान में सही विकल्प चुने. ऋतुराज थोड़ा लाइन के पार जा रहे हैं और जल्दी कैच आउट हो रहे हैं. अगर वह अपनी पारी की शुरुआत में थोड़ा आराम से खेलते, गेंद को टाइम करते, और ज्यादा डाउन ग्राउंड खेलते तो यह उनके लिए अच्छा होता.’

गायकवाड़ की खराब फॉर्म की वजह से सीएसके को लगभग हर मैच कमजोर शुरुआत मिली है. कई विशेषज्ञ गायकवाड़ की जगह आयुष म्हात्रे को सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने की सलाह दे रहे हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान के प्रदर्शन पर नजर डालें तो वह 5 मैचों की 5 पारियों में महज 63 रन बना सके हैं.

चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मैच 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होगा. यह मुकाबला राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, हैदराबाद पर खेला जाएगा. सवाल यह है कि क्या इस मैच में गायकवाड़ अपनी लय हासिल कर पाएंगे. वैसे चेन्नई सुपर किंग्स के पास एक विकल्प यह भी है कि संजू सैमसन के साथ आयुष म्हात्रे के साथ पारी का आगाज करें. संजू सैमसन एक शतक के साथ आईपीएल के इस सीजन में 185 रन बना चुके हैं. वहीं युवा बल्लेबाज म्हात्रे ने 171 रन बनाए हैं.