- क्रिकेट न्यूज़
- News
- S sreesanth i would like to play world test championship final in england 4063852
श्रीसंत ने जताई इच्छा, 'भारत के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप खेलना चाहता हूं'
श्रीसंत पर लगे बैन की अवधि इसी साल अगस्त में खत्म हो रही है.
Published On Jun 21, 2020, 08:47 AM IST
Last UpdatedJun 21, 2020, 08:47 AM IST
इस साल प्रतिबंध की अवधि समाप्त होने के बाद भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत वापसी की योजना बना रहे हैं. उन्होंने भारत के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में खेलने की इच्छा जताई.
बीसीसीआई ने 2013 में आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में श्रीसंत पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था. वर्ष 2018 में केरल उच्च न्यायालय ने बीसीसीआई द्वारा उन पर लगाए गए आजीवन प्रतिबंध सहित सभी कार्रवाई को भी रद्द कर दिया था. इसके बाद बीसीसीआई ने उनके खिलाफ प्रतिबंध की अवधि को घटनाकर सात साल कर दिया था जोकि आगामी अगस्त में समाप्त हो जाएगा.
श्रीसंत ने न्यू इंडियन एक्सप्रेस से कहा, “मैं यहां प्रतिस्पर्धा करने के लिए नहीं हूं. मैं यहां केवल खिलाड़ियों की मदद करने और उनके साथ अपना अनुभव साझा करने के लिए हूं. अगर चयनकर्ता मुझे मौका देते हैं और अगर भारत 2021 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में खेलता है तो मैं इसमें खेलना पसंद करूंगा.”
बताया जा रहा है कि इस साल श्रीसंत सबसे पहले केरल के लिए रणजी मुकाबले में खेलते हुए नजर आ सकते हैं. केरल क्रिकेट संघ (केसीए) ने सितंबर में उनका प्रतिबंध समाप्त होने के बाद रणजी टीम में चयन के लिए उनके नाम पर विचार करने का फैसला किया है. हालांकि श्रीसंत को उससे पहले अपनी फिटनेस साबित करनी होगी.
श्रीसंत ने कहा, ” मुझे यह अवसर प्राप्त करने का सौभाग्य मिला है. मेरे अंदर असफलता या सफलता का कोई डर नहीं है. बहुत से लोग असफलता के डर या सफलता के कारण भी प्रतिस्पर्धा नहीं करना चाहते, वे नहीं जानते कि सफलता का क्या करना है.”
“मुझे लगता है कि मैं अब एक संतुलित दृष्टिकोण रख सकता हूं. मेरे साथ खड़े होने के लिए मेरे परिवार और दुनिया भर में मलयाली लोगों का धन्यवाद. मेरा दृष्टिकोण अब केवल अपना अनुभव साझा करना और खिलाड़ियों की मदद करना है, चाहे वे कोई भी हों.”