- क्रिकेट न्यूज़
- News
- SA A register five-wicket win against India a in 2nd Unofficial test
सिराज, आकाशदीप, कुलदीप रहे बेअसर, साउथ अफ्रीका ए ने भारत ए को पांच विकेट से हराया
दोनों पारियों में शतक लगाने वाले भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे. वहीं साउथ अफ्रीका के कप्तान मार्कस एकरमैन प्लेयर ऑफ द मैच रहे.
Published On Nov 09, 2025, 08:15 PM IST
Last UpdatedNov 09, 2025, 08:15 PM IST
IND A VS SA A
INDA VS SAA 2nd Unofficial Test: साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए चुने गए कई भारतीय खिलाड़ी बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस ग्राउंड, बेंगलुरु में खेले गए दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट में टीम का हिस्सा थे, यह मैच टेस्ट सीरीज की तैयारी का हिस्सा था, मगर इस मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने निराश किया, जिससे भारत ए की टीम को साउथ अफ्रीका ए के हाथों पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा.
साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 417 रन का लक्ष्य था, आखिरी दिन टीम को 394 रन बनाने थे, साउथ अफ्रीकी टीम ने इस टारगेट को पांच विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया. मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप और कुलदीप यादव जैसे स्टार गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके.
जॉर्डन हर्मनन और लेसेगो सेनोक्वाने के बीच 156 रन की साझेदारी
417 रन का लक्ष्य लेकर उतरी साउथ अफ्रीका को सलामी बल्लेबाजों जॉर्डन हर्मनन और लेसेगो सेनोक्वाने ने 156 रन की मजबूत शुरुआत दी. पहले विकेट के लिए की गई साझेदारी ने ही टीम के लिए जीत की नींव रखी, जॉर्डन शतक से चूक गए, वह 123 गेंद पर 91 रन बनाकर आउट हुए. सेनोक्वाने ने 174 गेंदों पर 77 रन की पारी खेली. तीसरे नंबर पर आए जुबैर हमजा ने 88 गेंद पर 77 रन बनाए.
लक्ष्य का पीछा कर रही साउथ अफ्रीका के लिए जुबैर की ये तेज पारी काफी अहम रही, राष्ट्रीय टीम के कप्तान और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए टेंबा बवुमा ने 59 रन की पारी खेली, तीसरे विकेट के लिए इन दोनों के बीच 107 रन की साझेदारी हुई. कप्तान मारक्स एकरमैन ने 24 रन बनाए। कॉनर एस्टरहुइजन ने 54 गेंद पर नाबाद 52 और तियान वैन वुरेन ने नाबाद 20 रन बनाए, दोनों के बीच नाबाद 65 रन की साझेदारी हुई. साउथ अफ्रीका ने 98 ओवर में 5 विकेट पर 417 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीता.
भारतीय गेंदबाजों ने किया निराश
इस मैच में जसप्रीत बुमराह को छोड़कर भारत के सभी प्रमुख गेंदबाज हिस्सा ले रहे थे, मगर वह पूरी तरह बेअसर रहे. मोहम्मद सिराज ने 53 रन देकर विकेट लिए, वहीं आकाशदीप ने 106 रन खर्च किए और उन्हें भी एक ही सफलता मिली. कुलदीप यादव ने 17 ओवर में 81 रन खर्च किए और उन्हें कोई भी सफलता नहीं मिली.
ध्रुव जुरेल ने दोनों इनिंग में जड़ा था शतक
इस मैच की बात करें भारतीय टीम ने ध्रुव जुरेल के नाबाद 132 रन की मदद से पहली पारी में 255 रन बनाए थे. साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 221 रन बनाए थे और 34 रन से पिछड़ी थी. दूसरी पारी में भारत ने ध्रुव जुरेल के नाबाद 127 रन की मदद से 7 विकेट पर 382 रन बनाकर पारी घोषित की थी और पहली पारी में मिले 34 रन की बढ़त के आधार पर साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 417 रन का लक्ष्य दिया था.
सीरीज 1-1 की बराबरी पर खत्म
दोनों पारियों में शतक लगाने वाले भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे. वहीं साउथ अफ्रीका के कप्तान मार्कस एकरमैन प्लेयर ऑफ द मैच रहे. एकरमैन ने पहली पारी में शतक लगाया था. भारतीय पिच पर 417 रन का लक्ष्य हासिल करते हुए दक्षिण अफ्रीका की जीत इस बात की गवाह है कि सीनियर टीमों के बीच होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज रोमांचक होगी. दो अनाधिकारिक टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही। पहला मैच भारत ने जीता था.