- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Sa vs aus cricket australia offered to south africa to play test series in australia but csa denies 4382144
SA vs AUS: साउथ अफ्रीका स्थगित करने पर बोला क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, हमने सभी संभव कोशिश की, अपने घर में खेलने की भी की थी पेशकश
ऑस्ट्रेलिया द्वारा साउथ अफ्रीका दौरा स्थगित करने पर क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने अफसोस जताया है. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कही यह बात...
Published On Feb 03, 2021, 12:50 PM IST
Last UpdatedFeb 03, 2021, 12:50 PM IST
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड (CA) ने मंगलवार को साउथ अफ्रीका का अपना प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया. सीए ने साउथ अफ्रीका में कोविड- 19 (Covid- 19) की चल रही दूसरी लहर के चलते यह फैसला लिया. अपने इस फैसले के बाद बुधवार को उसके अंतरिम मुख्य कार्यकारी निक हॉकले ने कहा कि हमने यह दौरा स्थगित करने से पहले सभी संभव विकल्पों पर विचार किया था, जिनमें सीरीज की मेजबानी करने की भी पेशकश की थी.
यह प्रस्तावित दौरा स्थगित करते हुए सीए ने मंगलवार को बताया था कि उसने ‘स्वास्थ्य और सुरक्षा जोखिमों’ के मद्देनजर अगले महीने के दौरे को स्थगित करने का फैसला किया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के इस फैसले के वह इस साल होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से लगभग बाहर हो गया है.
ऑस्ट्रेलिया द्वारा साउथ अफ्रीका का यह दौरा रद्द करने पर क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने निराशा व्यक्त की थी, जिसके बाद हॉकले को यह सफाई देनी पड़ी. ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के अनुसार हॉकले ने कहा, ‘हमने उन्हें इस सीरीज की मेजबानी करने की पेशकश की थी लेकिन क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने साफ कर दिया कि उसकी अन्य प्रतिबद्धताएं हैं और इसके अलावा क्वॉरंटीन का मसला है, जिससे यह संभव नहीं है.’
उन्होंने कहा, ‘हम आने वाले सप्ताहों और महीनों में इस पर काम करेंगे ताकि हम सीरीज का कार्यक्रम फिर से तय कर सकें. हमने मेजबानी का औपचारिक प्रस्ताव रखा था लेकिन क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने अपनी स्थिति साफ कर दी थी और हम उसका सम्मान करते हैं.’
हॉकले ने कहा कि वह दौरा स्थगित होने के परिणामों को जानते थे लेकिन खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सर्वश्रेष्ठ हित में यह फैसला किया गया. उन्होंने कहा, ‘हम सभी नियमों के बारे में जानते थे और यही कारण था कि यह फैसला करना बेहद मुश्किल रहा. हमने दौरा जारी रखने के लिए हर संभव प्रयास किए लेकिन आखिर में हमने मेडिकल टीम की सलाह मानी.’
इनपुट: भाषा