- क्रिकेट न्यूज़
- News
- SA20 is the second best league after ipl explain Greame smith
IPL के बाद कौन है दुनिया की सबसे बड़ी लीग? ग्रीम स्मिथ ने दिया जवाब
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग यानि आईपीएल के बाद कौन सी लीग सबसे बड़ी है. इसे लेकर ग्रीम स्मिथ ने बड़ा जवाब दिया है.
Published On Dec 01, 2024, 10:35 PM IST
Last UpdatedDec 01, 2024, 10:35 PM IST
Image Credit: X
Greame Smith on SA20 Cricket League: एसए20 के आयुक्त ग्रीम स्मिथ का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका का यह घरेलू टूर्नामेंट इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाद दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टी20 प्रतियोगिता के रूप में खुद को स्थापित कर रहा है.
एसए20 का आयोजन पहले दो सत्र में अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के साथ ही किया गया था लेकिन इस बार यह लीग नए साल में होने वाले टेस्ट मैच के तुरंत बाद आयोजित की जाएगी ताकि दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रीय टीम में शामिल खिलाड़ी भी इसमें भाग ले सकें. प्रतियोगिता के तीसरे सत्र में भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक भी भाग लेंगे. वह इसमें खेलने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बनेंगे.
IPL के बाद एसए क्रिकेट दूसरे नंबर पर
स्मिथ ने एसए20 इंडिया डे पर पत्रकारों से कहा,‘‘यह कहना सही नहीं लगता कि आप दुनिया की दूसरे नंबर की लीग बनना चाहते हैं लेकिन सच्चाई यही है कि आईपीएल का कोई जवाब नहीं है. वह अविश्वसनीय टूर्नामेंट है जिसने क्रिकेट के परिदृश्य में बदलाव में अहम भूमिका निभाई है.’’
उन्होंने कहा,‘‘हम भाग्यशाली हैं कि हमने आईपीएल की छह फ्रेंचाइजी को अपनी तरफ आकर्षित किया. हमने एसए20 को आगे बढ़ाने के लिए बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) के साथ मिलकर काम किया. हमें उनसे काफी कुछ सीखने को मिला.’’ कार्तिक इस टूर्नामेंट में पार्ल रॉयल्स के लिए खेलेंगे. वह लीग के भारत के दूत भी हैं. उन्होंने कहा कि इस साल की शुरुआत में सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के बाद एसए20 सबसे अच्छी प्रतियोगिता थी जिसमें वह भाग ले सकते थे.
एसए20 रोमांचक टूर्नामेंट है
कार्तिक ने कहा,‘‘जब मैंने आईपीएल के बाद संन्यास लेने की घोषणा की तो तब भी मैं क्रिकेट खेलना जारी रखना चाहता था. मैं झूठ नहीं बोलूंगा. मैं सोच रहा था कि मेरे लिए क्या विकल्प है और इसका पता कैसे करना है क्योंकि मैं कभी किसी अन्य लीग का हिस्सा नहीं रहा.’’
उन्होंने कहा,‘‘मैंने उन खिलाड़ियों से पूछा जो अन्य लीग का हिस्सा रहे हैं और एक बात जो सर्वसम्मति से सामने आई, वह यह थी कि एसए20 सबसे अच्छा और रोमांचक टूर्नामेंट है. इसमें सबसे दिलचस्प प्रतिद्वंद्विता भी है.’’