तेंदुलकर ने भी कोहली की तरह पुलिसकर्मियों के सम्मान में बदली ट्विटर अकाउंट की DP
भारत में कोरोनावायरस संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में है
Published On May 11, 2020, 08:09 AM IST
Last UpdatedMay 11, 2020, 08:09 AM IST
दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई में आम जनता की मदद में लगे पुलिसकर्मियों की जमकर तारीफ की है. तेंदुलकर ने इस दौरान जान जोखिम में डालकर अपने काम पर मुस्तैद रहने वाले पुलिस के सम्मान में अपने सोशल मीडिया ऑफिशियल अकाउंट ट्विटर पर अपनी डीपी (प्रदर्शित तस्वीर) में महाराष्ट्र पुलिस का प्रतीक चिह्न लगाया है.
इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने मुश्किल के हर समय में नागरिकों की मदद के लिए महाराष्ट्र पुलिस की तारीफ करते हुए लोगों से सोशल मीडिया में अपनी डीपी पर पुलिस का प्रतीक चिह्न को लगाने का आग्रह किया था.
क्रिकेट इतिहास के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में एक माने जाने वाले तेंदुलकर ने ट्वीट किया ‘पूरे भारत और महाराष्ट्र पुलिस के जवानों का आभार, जो हमें सुरक्षित रखने के लिए 24/7 (सप्ताह के सातों दिन और चौबीसों घंटे) अथक प्रयास कर रहे हैं. जय हिन्द.’
भारत में कोरोनावायरस संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में है. यहां इस बीमारी की चपेट में आने वालों का आंकड़ा 22,000 को पार कर गया है जबकि 700 से अधिक लोगों की मौत हुई है.
कोहली ने की थी ये अपील
इंटरनेशनल क्रिकेट में 70 (टेस्ट और वनडे) शतक लगाने वाले इस खिलाड़ी ट्वीट किया, ‘महाराष्ट्र पुलिस किसी भी आपदा, हमले और उससे बनी परिस्थिति में नागरिकों के साथ खड़ी रहती है. आज जब वे सड़कों पर कोरोनावायरस के खिलाफ युद्ध का नेतृत्व कर रहे हैं, तो मैंने ट्विटर पर महाराष्ट्र पुलिस के प्रतीक चिह्न को अपनी डीपी पर लगाकर उन्हें सम्मान देने का फैसला किया है. इस प्रयास में आप मेरा साथ दें.’