- क्रिकेट न्यूज़
- News
- sachin tendulkar praises yashasvi jaiswal on scoring century on debut
Yashasvi Jaiswal: सचिन तेंदुलकर ने 'यशस्वी' शुरुआत के लिए दी जायसवाल को बधाई, रोहित की भी तारीफ की
यशस्वी जायसवाल ने अपने पहले ही टेस्ट में सेंचुरी लगा दी है. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने इसके लिए उनकी तारीफ की है.
Published On Jul 14, 2023, 12:37 PM IST
Last UpdatedJul 14, 2023, 12:37 PM IST
Yashasvi Jaiswal century and sachin tendulkar praised him
सचिन तेंदुलकर ने अपने डेब्यू टेस्ट में सेंचुरी लगाने वाले यशस्वी जायसवाल की तारीफ की है. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने वेस्टइंडीज के खिलाफ डॉमिनिका में खेले जा रहे टेस्ट मैच में शानदार शतक लगाया है.
मैच के दूसरे दिन भारत ने कैरेबियाई टीम को बैकफुट पर धकेल दिया है. भारत ने गुरुवार को दूसरे दिन की शुरुआत बिना विकेट पर 80 के स्कोर से की. इससे पहले भारत ने वेस्टइंडीज को 150 पर समेट दिया था.
भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने अपनी पारी को आगे बढ़ाने का काम किया. जायसवाल ने जल्द ही अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की.
डेब्यू पर सेंचुरी और रिकॉर्ड साझेदारी
जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक 215 गेंद पर पूरा किया. इसके साथ ही डेब्यू टेस्ट पर सेंचुरी बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में उनका नाम शामिल हो गया. रोहित के साथ मिलकर जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 229 रन की रिकॉर्ड भागीदारी की.
रोहित की सेंचुरी, गिल रहे नाकाम
रोहित 103 रन बनाकर आउट हुए. शुभमन गिल, जो नंबर तीन पर बैटिंग करने उतरे, सिर्फ छह रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद जायसवाल ने विराट कोहली के साथ मिलकर यह पक्का किया कि वेस्टइंडीज की टीम लय हासिल न कर ले. भारत ने दूसरे दिन कोई और विकेट नहीं गिरने दिया. जायसवाल 143 रन बनाकर नाबाद पविलियन लौटे.
सचिन ने भी की तारीफ
जायसवाल की इस पारी की तारीफ महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी की. सचिन ने ट्वीट कर इस युवा बल्लेबाज की तारीफ की. उन्होंने ट्वीट किया- ‘तुम्हारे टेस्ट करियर का ‘यशस्वी’ प्रारंभ हुआ है @ybj_19. बहुत अच्छा. रोहित शर्मा की भी शानदार सेंचुरी.’
भारत ने इन सलामी बल्लेबाजों के दम पर वेस्टइंडीज पर 162 रन की बढ़त हासिल कर ली है. विराट कोहली इस समय 36 रन बनाकर नाबाद है.