- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Sachin Tendulkar sues Aussie batmaker over licensing deal
सचिन तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलियाई बैट कंपनी के खिलाफ केस किया
स्पार्टन दो साल के करार के तहत भारतीय क्रिकेटर को 20 लाख अमेरिकी डॉलर का भुगतान करने में नाकाम रहा।
Published On Jun 27, 2019, 10:39 AM IST
Last UpdatedJun 27, 2019, 10:39 AM IST
सचिन तेंदुलकर © IANS
भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने विशेष लाइसेंस करार के तहत कथित तौर पर उन्हें लाखों डालर का भुगतान करने में विफल रहने पर ऑस्ट्रेलिया की खेल सामान बनाने वाले कंपनी के खिलाफ मामला दायर किया है। तेंदुलकर के वकीलों ने गुरुवार को ये जानकारी दी।
तेंदुलकर ने स्पार्टन खेल समूह के साथ 2016 में वैश्विक एक्सक्लूसिव प्रायोजन करार किया था। इस करार के तहत कंपनी के खेल सामान और खेल पोशाक का प्रचार किया जाना था।
सिडनी की फेडरल सर्किट अदालत में दायर मामले में आरोप लगाया गया है कि स्पार्टन इस क्रिकेटर को रॉयल्टी और विज्ञापन फीस का भुगतान करने में नाकाम रहा और करार रद्द किए जाने के बाद भी तेंदुलकर के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल करता रहा।
वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में नंबर-2 पर कब्जा करने उतरेगा भारत
सिडनी की कानूनी फर्म गिल्बर्ट एंड टोबिन ने बयान में कहा कि क्रिकेट के बल्लों और अन्य सामान पर तेंदुलकर के नाम और तस्वीर के इस्तेमाल की स्वीकृति देने के अलावा इस क्रिकेटर ने मुंबई और लंदन में कंपनी के प्रचार कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।
गिल्बर्ट एंड टोबिन में साझेदार सियाबोन सीट ने कहा कि तेंदुलकर स्पार्टन और उसके निदेशकों के खिलाफ करार के उल्लंघन, धोखाधड़ी और कपटपूर्ण व्यवहार के लिए भारी भरकम हर्जाने का दावा कर रहे हैं।
बयान में हर्जाने की राशि का जिक्र नहीं किया गया है लेकिन ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की खबरों के अनुसार पिछले साल दिवालियापन की प्रक्रिया का हिस्सा बनने वाला स्पार्टन दो साल के करार के तहत 20 लाख अमेरिकी डॉलर का भुगतान करने में नाकाम रहा।