- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Sachin Tendulkar to Sanjiv Goenka Everyone is going saga on Vaibhav Suryavanshi
हर ओर बस वैभव ही वैभव... सचिन से लेकर युवराज तक सभी हुए 14 साल के इस वंडर बॉय के दीवाने
वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 14 साल का खिलाड़ी है और जिस तरह की पारी उन्होंने सोमवार को आईपीएल में खेली उनकी खूब तारीफ हो रही है. बाएं हाथ के इस आक्रामक बल्लेबाज ने कमाल कर दिया.
Published On Apr 29, 2025, 07:30 AM IST
Last UpdatedApr 29, 2025, 07:30 AM IST
vaibhav suryavanshi
जयपुर: IPL 2025 शुरू होने से पहले वैभव सूर्यवंशी का नाम बहुत सुना जा रहा था. सिर्फ 14 साल का यह खिलाड़ी आईपीएल में दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों का सामना कैसा करेगा यह सवाल कई जेहन में था. लेकिन सोमवार को इसका जवाब मिला. और क्या कमाल का मिला. 28 अप्रैल को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर 14 साल के इस खिलाड़ी ने सिर्फ 35 गेंद पर सेंचुरी लगा दी. वह आईपीएल में सबसे तेज सेंचुरी लगाने वाले खिलाड़ी बन गए. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ यह धमाकेदार पारी खेली. उन्होंने 38 गेंद पर 11 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 101 रन बनाए. उन्होंने यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ा. पठान ने 2010 में राजस्थान के लिए खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ 37 गेंद पर शतक बनाया था. वैभव इस फॉर्मेट में सेंचुरी लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी हैं.
वैभव के सेंचुरी लगाते ही सोशल मीडिया पर उन्हें खूब बधाइयां मिलने लगीं. भारतीय वनडे और टेस्ट टी के कप्तान रोहित शर्मा ने भी उन्हें बधाई दी. यहां यह बात बताने वाली है कि टी20 क्रिकेट में भारत के लिए सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड रोहित के नाम है. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंद पर सेंचुरी लगाई थी. रोहित के साथ ही यूसुफ पठान ने भी बाएं हाथ के इस तूफानी बल्लेबाज की तारीफ की.
अब राजनीति की पिच पर बल्लेबाजी कर रहे तृणमूल कांग्रेस के इस सांसद ने लिखा- युवा वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज का मेरा मेरा रिकॉर्ड तोड़ने के लिए बहुत-बहुत बधाई. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए ऐसा होते देखना और भी खास है, जैसा कि मैंने किया था. युवाओं के लिए इस फ्रैंचाइजी में वाकई कुछ जादुई है. अभी बहुत आगे बढ़ना है चैम्प.
वहीं युवराज सिंह ने लिखा- आप 14 साल की उम्र में क्या कर रहे थे? यह बच्चा बिना पलक झपकाए दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों का सामना कर रहा है! वैभव सूर्यवंशी – इस नाम को याद रखें! बेखौफ रवैये से खेल रहा है। अगली पीढ़ी को यूं चमकते हुए देखकर गर्व होता है!
सचिन तेंदुलकर ने लिखा, ‘वैभव का निडर रवैया, बैट स्पीड, लेंथ को जल्दी पिक करना और ताकत को गेंद पर प्रहार करने के लिए इस्तेमाल करना. कमाल का पारी.’
और आखिरकार नतीजा, 38 गेंद पर 101 रन.
मैच की बात करें तो वैभव की इस धमाकेदार पारी के दम पर 210 रन के लक्ष्य को राजस्थान रॉयल्स ने 25 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.