×

सचिन तेंदुलकर और टेम्बा बावुमा में कौन ज्यादा लंबा है ? हाईट का अंतर जानकर रह जाएंगे हैरान

वर्ल्ड क्रिकेट के कम हाईट वाले खिलाड़ियों की बात होती है तो सभी की तुलना मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर से ही की जाती है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - November 22, 2025 5:35 PM IST

Sachin Tendulkar vs Temba Bavuma: साउथ अफ्रीका की टीम इस समय भारत के दौरे पर है. टेम्बा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने भारत को कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 30 रन से हराया. इस मैच में साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा को जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत ने ‘बौना’ कहा, जो छोटे कद के लिए लोगों के लिए अपमानजनक शब्द माना जाता है. इसे लेकर काफी आलोचना भी हुई. हालांकि टेम्बा बावुमा और साउथ अफ्रीका की तरफ से इसे लेकर कोई रिएक्शन नहीं आया. टेम्बा बावुमा छोटे कद के खिलाड़ी हैं, मगर बतौर बल्लेबाज और कप्तान काफी सफल रहे हैं.

टेम्बा बावुमा ने कोलकाता टेस्ट की दूसरी इनिंग में कठिन परिस्थितियों के बीच अर्धशतक लगाया, जो इस सीरीज में अब तक इकलौता अर्धशतक है. इसके अलावा उन्होंने गुवाहाटी टेस्ट की पहली इनिंग में 41 रन बनाए. क्रिकेट जगत में टेम्बा बावुमा की हाइट को लेकर चर्चा जरूर होती है, मगर उनके अलावा कई ऐसे क्रिकेटर भी हैं, जो उनसे भी छोटे कद के रहे हैं.

वर्ल्ड क्रिकेट के कम हाईट वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं सचिन

भारत के मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की तुलना दुनिया में किसी से नहीं की जा सकती है. भारत के छोटे कद के इस खिलाड़ी ने कई ऐसे कीर्तिमान बनाए, जिन्हें तोड़ना आज भी नामुमकिन है. वर्ल्ड क्रिकेट के कम हाईट वाले खिलाड़ियों की बात होती है तो सचिन से ही तुलना की जाती है, ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि क्या टेम्बा बावुमा सचिन तेंदुलकर से भी हाईट में छोटे हैं.

सचिन तेंदुलकर की लंबाई की बात करें तो वह 5 फीट 5 इंच की बताए जाते हैं, अगर सेंटीमीटर में देखें तो भारत के महान बल्लेबाज 165 सेंटीमीटर (5 फीट 5 इंच) लंबे हैं, वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टेम्बा बावुमा की हाईट 162 सेंटीमीटर यानि 5 फीट 4 इंच लंबे हैं. यानि टेम्बा बावुमा सचिन तेंदुलकर से महज एक इंच (तीन सेंटीमीटर) छोटे हैं.

बावुमा से तीन सेंटीमीटर लंबे हैं सचिन

सचिन तेंदुलकर और टेम्बा बावुमा की सोशल मीडिया पर एक तस्वीर भी है, जिसमें दोनों एक साथ नजर आ रहे हैं. इस तस्वीर में भी दोनों ही हाईट का अंतर साफ-साफ देखा जा सकता है, जिसमें सचिन तेंदुलकर लंबे नजर आ रहे हैं.

बावुमा से भी छोटे कद के कई खिलाड़ी

इंटरनेशनल क्रिकेट में कई ऐसे खिलाड़ी भी रहे हैं जो टेम्बा बावुमा से भी छोटे कद के रहे हैं. इनमें भारत के ही गुंडप्पा विश्वनाथ, बांग्लादेश के मोमिनुल हक और मुस्फिकुर रहीम शामिल हैं.