- Home
- News
- Sai Sudharsan and I Understand Each Other Well Says After GT Beat RR in IPL 2026 Qualifier 2
IPL 2026: साफ था शुभमन गिल का इरादा, सुदर्शन के साथ पार्टनरशिप का सीक्रेट मंत्र भी बताया
गुजरात टाइटंस की टीम आईपीएल 2026 के फाइनल में पहुंच गई है. राजस्थान रॉयल्स को हराकर टीम ने खिताबी मुकाबले में जगह बनाई. इस जीत में कप्तान शुभमन गिल का अहम किरदार रहा जिन्होंने शानदार सेंचुरी लगाई.
Published On May 30, 2026, 09:24 AM IST
Last UpdatedMay 30, 2026, 09:24 AM IST
शुभमन गिल ने राजस्थान रॉयल्स की जीत के बाद क्या कहा, (आईएएनएस)
न्यू चंडीगढ़: गुजरात टाइटंस की टीम तीसरी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंच गई है. आईपीएल 2026 के दूसरे क्वॉलिफयर मुकाबले में गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) ने राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) को 7 विकेट से हराया. कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) टीम के प्रदर्शन से बेहद खुश नजर आए. हालांकि, उन्होंने कहा कि वह मैच को खत्म करके वापस आना चाहते थे.
गुजरात टाइटंस की टीम का आईपीएल में प्रदर्शन अच्छा रहा है. टीम ने 2022 में डेब्यू किया था. और पहले ही साल टीम चैंपियन बनी थी. इसके बाद उसने अगले साल भी फाइनल खेला था. वहां भी वह जीत के करीब पहुंचकर आखिरी दो गेंदों पर हार गई थी. साल 2024 इकलौता ऐसा साल है जब गुजरात प्लेऑफ में नहीं पहुंची थी.
गिल ने लगाई सेंचुरी, सुदर्शन की तारीफ
शुभमन गिल ने महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शतकीय पारी (Shubman Gill Century) खेली और जीटी को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने साई सुदर्शन (58) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 167 रनों की साझेदारी निभाई और मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया. जीत के बाद गिल ने कहा, ‘टॉस के समय थोड़ा कन्फ्यूजन था, लेकिन जीत की खुशी है.’
साई सुदर्शन के साथ अपनी साझेदारी पर बात करते हुए गिल ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे को बहुत अच्छे से समझते हैं. हम एक-दूसरे के गेम को बहुत अच्छे से जानते हैं. जब हम बैटिंग कर रहे होते हैं, तो हमारी बातचीत बहुत अच्छी होती है. हम जानते हैं कि हममे में से किसी एक को आक्रामक बल्लेबाजी करनी है. मेरे हिसाब से हम यह तय करने में बहुत अच्छे हैं कि कौन किस गेंदबाज के खिलाफ अटैक करेगा.’
अपनी पारी का सीक्रेट बताया
अपनी शतकीय पारी को लेकर कप्तान गिल ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस तरह के जोन में हैं. मैं सिर्फ गैप और गेंदबाज को देख रहा था और मेरा ध्यान इस बात पर था कि गेंद को कहां मारना है. मैं गेंद को जोर से मारने की कोशिश नहीं कर रहा था. मैं मैच को खत्म करना चाहता था, लेकिन मैं जिस तरह से आउट हुआ वह काफी निराशाजनक था.’
क्या रहा मैच का हाल
दूसरे क्वॉलिफायर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 214 रन लगाए. टीम की ओर से वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने एक बार फिर शानदार पारी खेली और 47 गेंदों में 96 रन बनाए. वहीं, रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने 35 गेंदों में 45 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अंत के ओवरों में डोनोवन फेरेरा ने महज 11 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाए.
गिल की 53 गेंदों पर खेली गई 104 रनों की लाजवाब पारी और साई सुदर्शन के 32 गेंदों में बनाए गए 58 रनों की बदौलत जीटी ने 215 रनों के लक्ष्य को आसानी से 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस की भिड़ंत रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (IPL 2026 Final Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans) से होगी.