- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Sai Sudharsan debut in Ind vs zim T20i Series in place of Khaleel Ahmed
जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में साई सुदर्शन का डेब्यू, टी-20 में शानदार है रिकॉर्ड
साई सुदर्शन ने भारत के लिए तीन वनडे मैच में उन्होंने दो अर्धशतक के साथ 127 रन बनाए हैं. मगर टी-20 में उन्हें पहली बार मौका मिला है.
Published On Jul 07, 2024, 04:43 PM IST
Last UpdatedJul 07, 2024, 04:43 PM IST
(Image credit- @sais_1509 twitter)
हरारे. भारत और जिम्बाब्वे की टीम पांच मैचों की टी-20 सीरीज के दूसरे मैच में आमने-सामने है. भारतीय टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया है. टीम इंडिया के प्लेइंग-11 में बड़ा बदलाव हुआ है. खलील अहमद की प्लेइंग-11 से छुट्टी कर दी गई है, उनकी जगह साई सुदर्शन को मौका दिया गया है.
साई सुदर्शन का टी-20 में यह डेब्यू मैच है. वह जिम्बाब्वे सीरीज में डेब्यू करने वाले चौथे खिलाड़ी बने हैं. पहले टी-20 मैच में अभिषेक शर्मा, रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने डेब्यू किया था, मगर पहले मैच में टीम इंडिया की बल्लेबाजी ने निराश किया और भारत को पहले मैच में 13 रन से हार का सामना करना पड़ा.
साई सुदर्शन का शानदार है रिकॉर्ड
बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन ने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका में तीन मैचों की वनडे सीरीज के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वन डेब्यू किया था. भारत के लिए तीन वनडे मैच में उन्होंने दो अर्धशतक के साथ 127 रन बनाए हैं. मगर टी-20 में उन्हें पहली बार मौका मिला है. साई सुदर्शन टी-20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने वाले भारत के 114वें खिलाड़ी बने हैं. साई सुदर्शन ने आईपीएल 2024 में शानदार प्रदर्शन किया था, इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में भी उनका शानदार रिकॉर्ड है. 25 आईपीएल मैच में उन्होंने 1034 रन बनाए हैं और वह आईपीएल में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज है.
खलील अहमद की हुई छुट्टी
भारत के तेज गेंदबाज खलील अहमद की छुट्टी कर दी गई है. पांच साल बाद भारत के लिए पिछले मैच में खेलने वाले खलील अहमद को एक मैच के बाद ही टीम से बाहर कर दिया गया. खलील अहमद ने पिछले मैच में तीन ओवर के स्पेल में 28 रन खर्च किए थे और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली थी. खलील अहमद ने आईपीएल 2024 में अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया था, जिसकी वजह से उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में रिजर्व खिलाड़ी और जिम्बाब्वे सीरीज में टीम इंडिया में जगह मिली है.
भारत (प्लेइंग इलेवन):
शुभमन गिल (कप्तान), अभिषेक शर्मा, रुतुराज गायकवाड़, साई सुदर्शन, रियान पराग, रिंकू सिंह, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अवेश खान, मुकेश कुमार