×

साई सुदर्शन ने गंवाया गोल्डन चांस, अब टीम इंडिया से पत्ता कटना तय !

भारतीय कप्तान शुभमन गिल के चोटिल होने के बाद उन्हें गुवाहाटी में साउथ अफ्रीक के खिलाफ टेस्ट में मौका मिला था, मगर वहां वह बल्ले से प्रभाव नहीं छोड़ सके.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - November 24, 2025 11:26 AM IST

Sai Sudharsan Flop Show: भारत और साउथ अफ्रीका की टीम टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में आमने-सामने है. साउथ अफ्रीका की टीम ने पहली पारी में 489 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम बल्लेबाजी कर रही है. भारतीय टीम में शुभमन गिल के चोटिल होने के बाद साई सुदर्शन को मौका दिया गया था और उनके पास इस मैच में बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर नंबर तीन पर अपनी जगह पक्की करने का मौका था, मगर उन्होंने एक बार फिर निराश किया.

गुवाहाटी टेस्ट के तीसरे दिन केएल राहुल के आउट होने के बाद साई सुदर्शन नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने पहुंचे. गुवाहाटी की पिच पूरी तरह सपाट थी, जहां बल्लेबाज अगर धैर्य से बल्लेबाजी करते तो बड़ी पारी खेल सकते थे, मगर इस सपाट पिच भी साई सुदर्शन ने अपना विकेट गंवा दिया. वह सिर्फ 15 रन की पारी खेलकर साइमन हार्मर की गेंद पर खराब शॉर्ट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे.

सुदर्शन स्टंप की लाइन में आई शॉट गेंद को पुल के लिए गए थे, लेकिन वह गेंद को उतना नीचे भी नहीं रख सके, मिडविकेट पर रियान रिकेल्टन ने उनका शानदार कैच लपका.

सुदर्शन ने किया है निराश

साई सुदर्शन को इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में मौका दिया गया था, इंग्लैंड में उन्होंने तीन टेस्ट मैच खेले, जिसकी छह इनिंग में उनके बल्ले से एक अर्धशतक (61 रन) आया. वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के दो मैच की चार इनिंग में भी वह एक ही अर्धशतक (89 रन) लगा पाए. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारत ए के लिए खेलते हुए भी सुदर्शन ने निराश किया था और दो फर्स्ट क्लास मैच में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए थे.

TRENDING NOW

टीम इंडिया से कट सकता है पत्ता !

सुदर्शन के इस प्रदर्शन के बाद अब उनका टीम में जगह बनाना मुश्किल लग रहा है. भारतीय टीम का अगला टेस्ट सीरीज अब साल 2026 में होना है. सुदर्शन के पास हालांकि घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन कर टीम में अपनी जगह बरकरार रखने का मौका है, अगर वह घरेलू क्रिकेट में भी फ्लॉप रहते हैं, फिर उनका टीम इंडिया से पत्ता कटना तय है.