- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Sairaj Bahutule set to join Rajastan Royals ahead of IPL 2025
IPL 2025: राजस्थान रॉयल्स से जुड़ेंगे साईराज बहुतुले, स्पिन गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाएंगे
साईराज बहुतुले पहले भी राजस्थान रॉयल्स के कोच रह चुके हैं. वह साल 2023 में श्रीलंका में टीम इंडिया के स्पिन बॉलिंग कोच भी थे.
Published On Feb 08, 2025, 06:17 AM IST
Last UpdatedFeb 08, 2025, 06:17 AM IST
(Image credit- X)
Sairaj Bahutule set to join Rajastan Royals: भारत के पूर्व क्रिकेटर साईराज बहुतुले (Sairaj Bahutule) इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) से पहले राजस्थान रॉयल्स के साथ स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में जुड़ने के लिए तैयार हैं. इस टीम में उनकी दुबारा वापसी होने वाली है.
बहुतुले ने 2018-21 तक राजस्थान रॉयल्स के साथ काम किया था, उन्होंने बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है जिसे अब ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ कहा जाता है. वह न्यूजीलैंड के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के साथ काम करेंगे, उन्होंने पहले द्रविड़ के साथ काम किया था जब वह भारतीय टीम के मुख्य कोच थे.
मैं राजस्थान रॉयल्स से फिर से जुड़ने का इंतज़ार कर रहा हूं: बहुतुले
बहुतुले ने ‘क्रिकबज’ को बताया, चर्चा जारी है और मैं फ्रैंचाइजी के साथ अपनी भागीदारी को अंतिम रूप देने के करीब हूं, कुछ चीजें बाकी है, लेकिन मैं रॉयल्स के साथ फिर से जुड़ने के लिए उत्साहित हूं. उन्होंने कहा, मैं राहुल के साथ फिर से जुड़कर भी रोमांचित हूं, उन्होंने ही मुझे 2023 में पिछली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज़ के दौरान भारतीय टीम से मिलवाया था, जब मैं स्पिन बॉलिंग कोच के रूप में काम कर रहा था, मैं श्रीलंका में उनके कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा था, इसलिए मैं हमारे फिर से जुड़ने का इंतज़ार कर रहा हूं.
कौन हैं साईराज बहुतुले ?
साईराज बहुतुले ने भारत के लिए 1997 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था, उस समय सचिन तेंदुलकर टीम इंडिया के कप्तान थे. वहीं, टेस्ट डेब्यू 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुआ था. अनिल कुंबले के चोटिल होने के बाद बहुतुले को स्क्वाड में शामिल किया गया था.
उन्होंने भारत के लिए दो टेस्ट और 8 एकदिवसीय मुकाबले खेले. बहुतुले ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 188 मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 26 की औसत से 630 विकेट हासिल किए. इस दौरान उन्होंने 4 बार 10 विकेट हॉल और 27 बार 5 विकेट हॉल लिया. वहीं, बल्लेबाजी में 31.83 की औसत से उनके नाम 6176 रन हैं, जिसमें 9 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं.