add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

U19 Asia Cup 2025: भारत को हराकर पाकिस्तान ने जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब, समीर मिन्हास रहे जीत के 'हीरो'

पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने समीर मिन्हास के शतक की बदौलत 8 विकेट पर 347 रन बनाए. इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने पूरी तरह निराश किया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 21, 2025 7:03 PM IST

IND U19 VS PAK U19: समीर मिन्हास के तूफानी शतक (113 बॉल में 172 रन) की मदद से पाकिस्तान ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है. रविवार को खेले गए फाइनल मैच में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन के बड़े अंतर से हरा दिया. यह फाइनल में किसी भी टीम की दूसरी सबसे बड़ी हार है. भारतीय टीम ने लगातार दूसरा अंडर-19 एशिया कप खिताब गंवाया है. पिछले सीजन भारत को फाइनल में बांग्लादेश के हाथों हार का सामना करना पड़ा था.

भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था, पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने समीर मिन्हास के शतक की बदौलत 8 विकेट पर 347 रन बनाए. इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने पूरी तरह निराश किया. दसवें नंबर के बल्लेबाज दीपेश देवेंद्रन ने सबसे ज्यादा 36 रन (16 बॉल) बनाए. वैभव सूर्यवंशी (10 बॉल में 26 रन), आयुष म्हात्रे (02), आरोन जार्ज (16) का बल्ला इस मैच में नहीं चला, वहीं अभिज्ञान कुंडू भी सिर्फ 13 रन की पारी खेल सके. भारतीय टीम 26.2 ओवर में 156 रन पर सिमट गई. अली राजा ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए. समीर मिन्हास को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ- साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैच के बाद एक-दूसरे से हाथ मिलाने से परहेज किया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पाकिस्तान ने दूसरी बार जीता एशिया कप खिताब

पाकिस्तान की टीम का यह दूसरा अंडर-19 एशिया कप खिताब है. इससे पहले साल 2013 में पाकिस्तान और भारत की टीम एशिया कप की संयुक्त विजेता रही थी.

टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला टीम इंडिया को पड़ा महंगा

रविवार को आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए इस ‘हाईवोल्टेज मैच’ में भारत ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया, लेकिन टीम इंडिया को यह फैसला भारी पड़ गया. पाकिस्तान ने 50 ओवरों के खेल में 8 विकेट खोकर 347 रन बनाए. पाकिस्तान ने 31 के स्कोर पर हमजा जहूर (18) का विकेट गंवा दिया था, इसके बाद समीर मिन्हास ने उस्मान खान के साथ दूसरे विकेट के लिए 92 रन जुटाते हुए टीम को 123 के स्कोर तक पहुंचाया, उस्मान खान 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे.

समीर मिन्हास- अहमद हुसैन के बीच शतकीय साझेदारी

समीर मिन्हास ने अहमद हुसैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 125 गेंदों में 137 रन जोड़ते हुए पाकिस्तान को 260 के स्कोर तक पहुंचाया. अहमद हुसैन 72 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए, जबकि समीर ने 113 गेंदों में 9 छक्कों और 17 चौकों के साथ 172 रन की पारी खेली. समीर मिन्हास का टूर्नामेंट में यह दूसरा शतक है. भारत की तरफ से दीपेश देवेंद्रन ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए, जबकि हेनिल पटेल और खिलन पटेल ने 2-2 विकेट निकाले, इनके अलावा, कनिष्क चौहान ने एक विकेट अपने नाम किया.

भारतीय बल्लेबाजों का फ्लॉप शो

पाकिस्तान के विशाल टारगेट के जवाब में भारतीय टीम 26.2 ओवरों में सिर्फ 156 रन पर ऑलआउट हो गई. कप्तान आयुष म्हात्रे के रूप में 32 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा. भारतीय कप्तान का फ्लॉप शो जारी रहा, वह टीम के खाते में सिर्फ दो ही रन जुटा सके. यहां से वैभव सूर्यवंशी ने भारत को संभालने की कोशिश की, वैभव ने 10 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके की मदद से 26 रन की पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही टीम विशाल टारगेट के सामने लड़खड़ा गई.

सूर्यवंशी के अलावा खिलन पटेल ने टीम के खाते में 19 रन का योगदान दिया, जबकि अभिज्ञान कुंडू ने 13 रन की पारी खेली. आरोन जॉर्ज 16 रन बनाकर आउट हुए, दीपेश देवेंद्रन ने निचले क्रम पर संघर्ष किया, उन्होंने 16 गेंदों में 36 रन की पारी खेली, लेकिन टीम इंडिया लक्ष्य से काफी दूर रह गई. पाकिस्तान की तरफ से अली रजा ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सैयाम, अब्दुल सुभान और हुजैफा अहसान को दो- दो सफलता मिली.