×

नेपाल के क्रिकेटर संदीप लामिछाने को मिली राहत, रेप केस में साबित हुए निर्दोष

नेपाल क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान संदीप लामिछाने के लिए राहत भरी खबर आई है. रेप केस में संदीप निर्दोष साबित हुए हैं जिसके बाद उनके T20 वर्ल्ड कप में खेलने की उम्मीद है.

user-circle cricketcountry.com Written by Vanson Soral
Last Updated on - May 15, 2024 6:57 PM IST

नेपाल के क्रिकेटर संदीप लामिछाने रेप केस में निर्दोष साबित हुए हैं. पाटन उच्च न्यायालय ने संदीप लामिछाने के खिलाफ दायर बलात्कार मामले पर अपना अंतिम फैसला सुनाते हुए उन्हें निर्दोष ठहराया और पिछले फैसले को पलट दिया है. वह आगामी T20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए नेपाल के लिए उपलब्ध रहेंगे.

पाटन उच्च न्यायालय के प्रवक्ता तीर्थराज भट्टाराई के अनुसार, पीठ ने सबूतों की कमी का हवाला देते हुए फैसले को पलट दिया. लेग स्पिनर को काठमांडू जिला कोर्ट ने इस साल की शुरुआत में 8 साल की सजा सुनाई थी. संदीप पर एक कम उम्र की लड़की ने रेप का आरोप लगाया था. 10 जनवरी को, न्यायाधीश शिशिर राज ढकाल की सिंगल बेंच ने नेपाल क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान को दोषी ठहराया था और 2022 में एक लड़की के साथ बलात्कार के लिए जेल की सजा और पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया था.

लामिछाने और जिला अटॉर्नी कार्यालय दोनों ने जिला अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय का रुख किया था. पिछले साल 4 नवंबर को, काठमांडू जिला न्यायालय ने आदेश दिया कि हिरासत की सुनवाई के बाद लामिछाने को सुंधरा स्थित केंद्रीय जेल भेजा जाए. इसके बाद 12 जनवरी को, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश ध्रुव राज नंदा और रमेश दहल की खंडपीठ ने जांच जारी रहने तक उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया. हालांकि, अदालत ने उन्हें विदेश यात्रा करने से रोक दिया था और उन्हें आदेश दिया था कि अगर उन्हें काठमांडू छोड़ना है तो पुलिस को पहले से सूचित करें.

संदीप ने 52 T20 मैचों में नेपाल का प्रतिनिधित्व किया है और 98 विकेट लिए हैं. संदीप नेपाल के लिए T20 वर्ल्ड कप में अहम भूमिका निभा सकते हैं. नेपाल T20 WC में अपने अभियान की शुरुआत 4 जून को डलास में नीदरलैंड के खिलाफ करेगी.