गुजरात के तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन से खुश हुए भारतीय कोच, बताया कैसे नेहरा ने बदल दी पूरी तस्वीर?
गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने अब तक इस सीजन में कमाल का प्रदर्शन किया है. उनके प्रदर्शन का पूरा श्रेय संजय बांगर ने आशीष नेहरा को दिया है.
Published On May 13, 2026, 04:49 PM IST
Last UpdatedMay 13, 2026, 04:49 PM IST
Sanjay Bangar Praised Ashish Nehra: आईपीएल 2026 में गुजरात के तेज गेंदबाजों का बोलबाला अब तक रहा है. हर कोई गुजरात की तेज गेंदबाजी की चर्चा कर रहा है. इन्हीं चर्चाओं के बीच गुजरात के हेड कोच आशीष नेहरा की तारीफ की है पूर्व भारतीय ऑलराउंडर संजय बांगड़ ने. बांगड़ ने सीधे तौर पर कहा कि गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी टूर्नामेंट में सबसे मजबूत है और इसे क्रम को बनाने का पूरा श्रेय आशीष को मिलना चाहिए.
ईएसपीएनक्रिकइंफो से बात करते हुए बांगड़ ने कहा, “मुझे लगता है कि आपको आशीष नेहरा के असर को मानना होगा. वह अपने नेतृत्व से गेंदबाजों पर असर डालते हैं. सिराज जैसे कई गेंदबाज रहे हैं, जो 2017-18 में करियर की शुरुआत में उनके साथ खेले थे. उस समय, वह आज जैसे मोहम्मद सिराज नहीं थे. जीटी के साथ इस समय का आनंद कगिसो रबाडा भी ले रहे हैं.”
रबाडा की गेंदबाजी में भी नेहरा ने किया बहुत सुधार
रबाडा के प्रदर्शन में सुधार का श्रेय भी बांगड़ ने नेहरा को दिया. उन्होंने कहा, “2019 और 2020 सीजन में उनके शानदार साल को नहीं भूलना चाहिए. उसके बाद उनके फॉर्म में गिरावट आई थी. लेकिन नेहरा के नेतृत्व में उनके प्रदर्शन में सुधार आया है. नेहरा रबाडा से उनका बेस्ट निकलवाते हैं. मोहित एक और उदाहरण है जिन्होंने उनके अंडर बहुत अच्छा काम किया. मोहम्मद शमी ने 2023 में और जेसन होल्डर इस सीजन में अच्छा काम कर रहे हैं.”
टेस्ट वाली लेंथ से मिल रहा फायदा
बांगड़ ने कहा, “मुझे लगता है कि उनका जोर सिर्फ टेस्ट-मैच की लेंथ वाली गेंदबाजी करने पर होता है. वह हमेशा यही कहते हैं. जब हम ब्रॉडकास्ट पर भी साथ काम करते थे, तो वह अक्सर इस बात पर जोर देते थे. जाहिर है, एक असर, जिसका आशीष को उतना श्रेय नहीं मिलता. हमें मानना चाहिए. उनके पास अपने तेज गेंदबाजों से बेस्ट निकलवाने का तरीका है.”
आईपीएल 2026 में जीटी के गेंदबाज बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. गुजरात और एसआरएच के बीच हुए मैच तक सीजन के 11 शीर्ष गेंदबाजों में 5 गुजरात के हैं. रबाडा ने 12 मैच में 21, राशिद खान ने 12 मैच में 16, प्रसिद्ध कृष्णा ने 8 मैचों में 14, जेसन होल्डर ने 6 मैचों में 13 और सिराज ने 12 मैचों में 13 विकेट लिए हैं. इन गेंदबाजों की सफलता में निश्चित रूप से आशीष नेहरा के अनुभव और क्षमता की भूमिका रही थी. इन बेहतरीन गेंदबाजों के दम जीटी अंकतालिका में 16 अंक के साथ शीर्ष पर काबिज है.