संजय मांजरेकर ने वैभव सूर्यवंशी पर क्यों कहा- 'अभी इतनी जल्दबाजी करना ठीक नहीं'
क्या वक्त आ गया है कि वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में शामिल कर लिया जाए. क्या वह अब सीनियर टीम में खेलने के लिए तैयार हैं. ज्यादातर पूर्व क्रिकेटर इस बात से सहमत हैं. लेकिन संजय मांजरेकर ने इसमें एक शर्त जोड़ दी है.
Published On Jun 02, 2026, 09:46 PM IST
Last UpdatedJun 02, 2026, 09:46 PM IST
वैभव सूर्यवंशी को अभी विदेशी दौरों पर भेजने के कायल नहीं मांजरेकर (फोटो- RR/File)
नई दिल्ली: वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में धमाल मचा दिया. वह इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. 15 साल का यह बल्लेबाज जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहा है उसे देखते हुए कई लोगों ने उन्हें टीम इंडिया में जगह देने की मांग की है. कई क्रिकेटर्स का मानना है कि सूर्यवंशी अब भारतीय टीम में खेलने के लिए तैयार हैं. वैभव ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए. उनका स्ट्राइक-रेट 237 से ज्यादा का रहा. इतना ही नहीं बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सीजन में कुल 72 छक्के लगाए. वह आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए. वैभव ने सीजन में एक, दो नहीं बल्कि कुल पांच इनाम अपने नाम किए. वह ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी रहे.
सूर्यवंशी अब श्रीलंका दौरे पर गई भारत ए टीम के सदस्य हैं. और इसके बाद यह मांग की जा रही है कि उन्हें आयरलैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम में शामिल कर लेना चाहिए. कई पूर्व क्रिकेटर्स का मानना है कि अब सूर्यवंशी को 26 जून से शुरू हो रहे भारत के आयरलैंड दौरे के लिए टीम में शामिल कर लेना चाहिए.
वैभव को पहले घरेलू परिस्थितियों में खेलते देखना चाहते हैं मांजरेकर
हालांकि भारत के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते. मांजरेकर ने स्पोर्ट्स्टार से बातचीत में कहा, ‘संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के बाद वैभव का ही नंबर है. लेकिन मैं वैभव को पहले आईपीएल जैसी परिस्थितियों में ही खेलते हुए देखना चाहूंगा.’
मांजरेकर का मानना है कि वैभव को सीधा ही विदेशी परिस्थितियों में मौका देना थोड़ी जल्दबाजी होगी. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि वैभव को सीधा विदेशी परिस्थितियों या वैसे पिचों जैसे न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका में सीधा मौका देना सही नहीं होगा. वह वहां जाकर वही दोहराना चाहेंगे जो वह आईपीएल में करते चले आए हैं. लेकिन, जब आप विपक्षी टीम को देखें तो यह थोड़ा मुश्किल हो सकता है. क्या वैभव सूर्यवंशी से पहले शुभमन गिल को मौका देना चाहिए, यह एक मुश्किल फैसला है. तो, इसे सामान्य तरीके से ही करना चाहिए. और देखना चाहिए कि आगे कैसा होता है.’
बहुत जल्दी बदलती है टी20 क्रिकेट में राय
मांजरेकर ने यह भी कहा कि टी20 क्रिकेट में नजरिया बहुत जल्दी बदल सकता है. उन्होंने कहा, ‘कुछ महीने हुए और चीजें बदल गईं. अभिषेक शर्मा के बारे में कोई बात नहीं कर रहा.’
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया है लेकिन मांजरेकर का मानना है कि इस खिलाड़ी का भविष्य लोगों की अपेक्षाओं पर नहीं बल्कि उनकी खुद की महत्त्वकांक्षाओं पर निर्भर करना चाहिए.
वैभव पर निर्भर वह कौन सा फॉर्मेट खेलना चाहता है
उन्होंने कहा, ‘अगर वह सिर्फ टी20 सनसनी बने रहना चाहते हैं और सिर्फ टी20 क्रिकेट पर ही ध्यान देना चाहते हैं तो ऐसा ही होना चाहिए. और इसके लिए उनकी आलोचना नहीं होनी चाहिए. लेकिन इसके बाद आपको सिर्फ टी20 के कमाल के खिलाड़ी के तौर पर जाना जाएगा. वह 50 ओवर का क्रिकेट खेलते हैं तो मुझे लगता है कि कुछ खास परिस्थितियों में वह पहले 10 ओवरों में लाजवाब खिलाड़ी हो सकते हैं. वह वही कर सकते हैं जो रोहित शर्मा ने साल 2023 में किया था. और शायद रोहित से भी बेहतर.’
वैभव की इस बात से बहुत खुश हैं संजय मांजरेकर
मांजरेकर वैभव सूर्यवंशी की एक बात से बहुत ज्यादा प्रभावित दिखे. उनका मानना है कि वैभव निजी रिकॉर्ड्स और कीर्तिमान से पहले टीम के हित को रखते हैं. उन्होंने कहा, ‘तीन बार वह 90s में आउट हुए. तो वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें शतक की कोई परवाह नहीं होती. वह हर बार बड़ा शॉट खेलते हुए आउट हुए. तो, इस चीज के बारे में बात होनी चाहिए. अगर कोई निस्वार्थ है और उसे अपने रिकॉर्ड्स की चिंता नहीं है तो वह गेंद बर्बाद नहीं करेगा.’