IPL 2026: संजू सैमसन का शतक, अकिल हुसैन ने चटकाए चार विकेट, मुंबई इंडियंस को मिली सबसे बड़ी हार
चेन्नई की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 207 रन बनाए. मुंबई की टीम अकिल हुसैन की धारदार गेंदबाजी (04/17) के आगे 19 ओवर में 104 रन पर ढेर हो गई.
Published On Apr 23, 2026, 11:40 PM IST
Last UpdatedApr 23, 2026, 11:40 PM IST
CSK Win
संजू सैमसन के आईपीएल 2026 के दूसरे शतक और अकिल हुसैन के चार विकेट की मदद से चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने मुंबई इंडियंस को 103 रन से हरा दिया. आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी हार है, वहीं आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स की इस सीजन यह तीसरी जीत है.
संजू सैमसन के शतक (54 बॉल में 101 रन) की बदौलत चेन्नई की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 207 रन बनाए. मुंबई की टीम अकिल हुसैन की धारदार गेंदबाजी (04/17) के आगे 19 ओवर में 104 रन पर ढेर हो गई. मुंबई इंडियंस की टीम की इस सीजन यह पांचवी हार है.
चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने जीत के साथ रचा इतिहास
यह चेन्नई सुपर किंग्स के इतिहास की सबसे बड़ी जीत (103 रन) भी है. इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने 2015 में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 97 रन से मैच अपने नाम किया था. वानखेड़े के मैदान पर मिली धमाकेदार जीत के साथ ही चेन्नई की टीम आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सर्वाधिक जीत दर्ज करने वाली टीम बन गई है. चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 40 मुकाबले में 19 जीत हासिल की है. गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई की टीम ने पंजाब किंग्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 35 मुकाबलों में 18 जीत दर्ज की है.
अकिल हुसैन ने गेंद से बरपाया कहर
208 रन के टारगेट का पीछा करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स ने पहले तीन ओवर में ही तीन विकेट गंवा दिए. दानिश मालेवार पहले ही ओवर में अकिल हुसैन का शिकार बने. वहीं मुकेश चौधरी ने दूसरे ओवर में डी कॉक (07) को पवेलियन भेजा. अकिल हुसैन ने तीसरे ओवर में नमन धीर को आउट कर मुंबई को बड़ा झटका दिया. तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद मुंबई की टीम को तिलक वर्मा (37) और सूर्य कुमार यादव (36) ने संभाला, मगर अकिल हुसैन ने तिलक वर्मा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा.
इसके बाद नूर अहमद ने दो लगातार गेंदो पर हार्दिक पांड्या (01) और शेरफेन रदरफोर्ड को अपना शिकार बनाया. सूर्य कुमार यादव को आउट कर अकिल हुसैन ने फोर विकेट हॉल हासिल किया. कृष भगत (07) जेमी ओवरटन और शार्दुल ठाकुर (06) अंशुल कम्बोज का शिकार बने. जसप्रीत बुमराह आखिरी बल्लेबाज के रुप में आउट हुए, उनका विकेट गुरजपनीत सिंह के नाम रहा. मुंबई इंडियंस की टीम 19 ओवर में 104 रन पर ढेर हो गई.
सैमसन ने जड़ा आईपीएल 2026 का दूसरा शतक
चेन्नई सुपर किंग्स ने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (नाबाद 101) के सत्र के दूसरे शतक की मदद से मुंबई इंडियंस के खिलाफ छह विकेट पर 207 रन का स्कोर खड़ा किया. सैमसन ने आईपीएल में अपने पांचवें शतक के लिए 54 गेंद खेलीं जिसमें 10 चौके और छह छक्के जडे़. सैमसन के साथी खिलाड़ी दूसरे छोर पर आउट होते रहे, लेकिन भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ने संयम से खेलते हुए वानखेड़े स्टेडियम में एक और यादगार पारी खेली.
सीएसके की टीम एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी लेकिन टीम बीच के ओवरों में लड़खड़ा गई। सैमसन के अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सका.
चेन्नई के ओपनर्स ने दिलाई शानदार शुरुआत
मुंबई इंडियंस के लिए जसप्रीत बुमराह (31 रन देकर एक विकेट) ने पहले ओवर में कसी हुई गेंदबाजी की, लेकिन सैमसन ने एक चौका जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने हार्दिक पांड्या (38 रन देकर कोई विकेट पर) की गेंद को अपने पैड्स से फ्लिक करते हुए एक छक्का भी लगाया. सीएसके की शुरुआत शानदार रही. कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (22) और सैमसन ने पावरप्ले के दौरान हार्दिक के पहले दो ओवरों में 19-19 रन बटोरे. दो विकेट गिरने के बावजूद मेहमान टीम 73 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी.
सरफराज, शिवम दुबे का नहीं चला बल्ला
गायकवाड़ फॉर्म में वापसी करते दिखे, उन्होंने हार्दिक की गेंद पर ऑन-साइड में एक जोरदार शॉट लगाकर शुरुआत की और फिर एक छक्का जड़ा जिससे दूसरे ओवर में कुल 19 रन बने. तीसरे ओवर में गायकवाड़ ने ए एम गजनफर (25 रन देकर दो विकेट) के खिलाफ शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन तिलक वर्मा ने उनका एक शानदार कैच लपक लिया. सरफराज खान (14) और शिवम दुबे (05) ने निराश किया. डेवाल्ड ब्रेविस ने 11 गेंद में 21 रन बनाने के लिए कुछ शॉट लगाए लेकिन अश्विनी कुमार (37 रन देकर दो विकेट) की एक बेहतरीन शॉर्ट गेंद पर आउट हो गए. सैमसन ने आखिरी ओवर मेंआखिरी गेंद को पुल करके शतक पूरा किया.
काली पट्टी बांधकर मैदान उतरे थे चेन्नई के खिलाड़ी
सीएसके के खिलाड़ी मुकेश चौधरी की मां के निधन के कारण अपनी बांहों पर काली पट्टियां बांधकर मैदान पर उतरे थे.