IPL 2026: संजू सैमसन ने जड़ा आईपीएल में चौथा शतक, दिग्गजों की लिस्ट में हुई एंट्री
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में संजू सैमसन ने 52 बॉल में शतक लगाया. आईपीएल 2026 का यह पहला शतक भी है.
Published On Apr 11, 2026, 09:12 PM IST
Last UpdatedApr 11, 2026, 09:12 PM IST
Sanju Samson Hundred
Sanju Samson century: आईपीएल 2026 में संजू सैमसन आखिरकार फॉर्म में लौटे और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में शतक लगाया. संजू सैमसन के आईपीएल करियर का यह चौथा शतक है. इसके बाद ही उन्होंने दिग्गजों की लिस्ट में जगह बनाई है.
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में संजू सैमसन ने शुरुआत से ही संयमित बल्लेबाजी की. उन्होंने इस मैच में 52 बॉल में शतक लगाया. आईपीएल 2026 का यह पहला शतक भी है. संजू सैमसन ने 56 बॉल में 115 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 15 चौके और चार छक्के शामिल हैं. आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए यह उनका पहला शतक है. संजू सैमसन ने आयुष म्हात्रे (36 बॉल में 59 रन) के साथ 68 बॉल में 113 रन की साझेदारी की.
संजू सैमसन तीन फ्रेंचाइजी के लिए शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज
संजू सैमसन ने इस शतकीय पारी के साथ खास लिस्ट में जगह बनाई है. संजू सैमसन तीन अलग-अलग IPL फ्रेंचाइज़ियों के लिए शतक बनाने वाले केएल राहुल के बाद दूसरे बल्लेबाज़ बने हैं. उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलते हुए शतक बनाए हैं
दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हुए सैमसन
संजू सैमसन का आईपीएल में यह चौथा शतक है. वह आईपीएल में चार शतक लगाकर डेविड वॉर्नर और शेन वॉटसन की बराबरी कर ली, जिनके नाम भी आईपीएल में चार- चार शतक है. भारत के शुभमन गिल भी इस लिस्ट में शामिल हैं, जिन्होंने चार शतक लगाया है. विराट कोहली आईपीएल में आठ शतक के साथ इस लिस्ट में टॉप पर हैं. संजू सैमसन ने साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ दिया था, जिनके नाम आईपीएल में तीन शतक था.
IPL में संजू सैमसन का शतक
102 (63) बनाम RPS, पुणे, 2017
102* (55) बनाम SRH, हैदराबाद, 2019
119 (63) बनाम PBKS, वानखेड़े, 2021
115 (56) बनाम DC, चेन्नई, 2026
14 साल बाद किया बड़ा कारनामा
IPL में DC के खिलाफ CSK के किसी बल्लेबाज़ का यह दूसरा शतक है; इससे पहले 2012 के क्वालिफ़ाइंग मैच में इसी मैदान पर मुरली विजय ने 113 (58 बॉल) रन बनाए थे. उन्होंने आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए 14 साल का सूखा खत्म करते हुए शतक लगाने का कारनामा किया है.