ENG vs IND: वैभव सूर्यवंशी को मौका तो मिले लेकिन किसी को ड्रॉप करके नहीं, पूर्व स्टार बल्लेबाज ने दी अनोखी सलाह

भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने कहा है कि संजू सैमसन को अभी और मौके मिलने चाहिए.

Edited By : Bharat Malhotra |Jul 02, 2026, 03:07 PM IST

Published On Jul 02, 2026, 03:07 PM IST

Last UpdatedJul 02, 2026, 03:07 PM IST

नई दिल्ली: क्या वैभव सूर्यवंशी को अभी तक भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है. और संजू सैमसन के हालिया खराब फॉर्म के बाद यह सवाल और जोर से उठाया जा रहा है कि क्या अब 15 साल के इस खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बना दिया जाना चाहिए. भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने इस मामले में अपनी राय रखी है. पुजारा का मानना है कि सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह देने के लिए संजू सैमसन को ड्रॉप करना सही नहीं होगा.

पुजारा ने कहा कि टीम में सैमसन की जगह को लेकर लगातार अटकलें लगाना ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि विकेटकीपर बल्लेबाज को और मौके मिलने चाहिए. पूर्व बल्लेबाज ने ‘जियोस्टार’ पर कहा, ‘मुझे लगता है कि भारत को संजू सैमसन के साथ बने रहना चाहिए. मुझे नहीं लगता कि उन्हें कोई दबाव महसूस करना चाहिए. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में खुद को साबित किया है और उनके पास जिस तरह का टैलेंट है, उसे देखते हुए उन्हें प्लेइंग इलेवन में होना चाहिए.’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

हालांकि पुजारा ने माना कि वैभव सूर्यवंशी ने मौका कमाया है. उन्होंने कहा कि 15 वर्षीय बल्लेबाज को भारत के जमे-जमाए टॉप ऑर्डर को बिगाड़ने की कीमत पर प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा, ‘अगर वैभव को खेलना है, तो उन्हें खेलना चाहिए, लेकिन किसी को ड्रॉप करके नहीं, बल्कि किसी को आराम देकर. अगर आप उन्हें मौका देना चाहते हैं, तो ठीक है. हालांकि, आपको भारत के टॉप तीन खिलाड़ी में से किसी को भी ड्रॉप नहीं करना चाहिए, चाहे वह संजू हो, अभिषेक हो या ईशान किशन. इसके बावजूद, वैभव एक मौके के हकदार हैं, और उन्हें मौका मिलेगा.’

पुजारा ने कप्तान श्रेयस अय्यर की शांत पारी की भी तारीफ की. अय्यर जब बल्लेबाजी करने उतरे, तो भारतीय टीम सिर्फ 6 रनों के स्कोर पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी. हालांकि, उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर 82 रनों की अहम साझेदारी निभाई, जिसके बूते भारतीय टीम 189 के टोटल तक पहुंच सकी. अय्यर ने 47 गेंदों में 68 रन बनाए. पुजारा ने कहा, ‘श्रेयस अय्यर की यह एक अहम पारी थी, और जब आप टीम को लीड कर रहे होते हैं, तो आप हमेशा आगे से लीड करने की कोशिश करते हैं. उन्होंने बहुत परिपक्वता दिखाई, क्योंकि भारत कुछ शुरुआती विकेट गंवाने के बाद मुश्किल में था.’

पुजारा ने अय्यर को मैच की स्थिति के हिसाब से अपनी पारी को आगे बढ़ाने का श्रेय भी दिया. उन्होंने कहा, ‘अभिषेक ने अच्छी पारी खेली, लेकिन श्रेयस के लिए एक छोर संभाले रखना और अपना समय लेना जरूरी था. एक बार जब वह सेट हो गए, तो उन्होंने कुछ अच्छे शॉट खेले. अगर आप 20 ओवर के आखिर में उनकी इनिंग देखेंगे, तो आपको पता चलेगा कि एक कैप्टन के तौर पर आपने अपना काम किया है. आपने अपनी टीम को बहुत मजबूत स्थिति में पहुंचाया है. यह श्रेयस की एक कप्तान और एक बल्लेबाज, दोनों के तौर पर एक परफेक्ट पारी थी.’

एजेंसी-आईएएनएस

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick