क्रिकेट में नया अध्याय, इंग्लैंड मेंस टीम की फील्डिंग कोच बनीं पूर्व महिला क्रिकेटर, पहली बार हुआ ऐसा
इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर ने इंग्लैंड के लिए 10 टेस्ट, 126 वनडे और 90 टी-20 मैच खेले हैं. 10 टेस्ट मैच में उनके नाम 300 रन हैं, वहीं वनडे में उन्होंने सात शतक और 20 अर्धशतक के साथ 4056 रन बनाए हैं.
Published On May 14, 2026, 03:02 PM IST
Last UpdatedMay 14, 2026, 03:02 PM IST
Sarah Taylor
इंग्लैंड की पूर्व विकेटकीपर सारा टेलर को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए सीनियर पुरुषों की टेस्ट टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है. इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के क्रिकेट निदेशक रॉब की ने बुधवार को इसका ऐलान किया. यह पहला मौका है, जब मेंस टीम का फील्डिंग कोच किसी महिला को बनाया गया है.
महिला क्रिकेट के इतिहास की महानतम खिलाड़ियों में से एक मानी जाने वाली 37 साल की सारा टेलर ने एंड्रयू फ्लिंटॉफ के नेतृत्व में इंग्लैंड लायंस (इंग्लैंड ए) टीम के साथ भी काम किया है, वहां उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें सीनियर टीम के सहयोगी स्टाफ में जगह मिली है.
मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के साथ काम कर चुकीं हैं टेलर
सभी प्रारूप में कुल 226 मैच खेलने वाली टेलर ने ससेक्स की पुरुषों की टीम के साथ-साथ मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के साथ भी काम किया है. उन्हें क्षेत्ररक्षण कोच के तौर पर एक संक्षिप्त कार्यकाल के अनुबंध की पेशकश की गई है, इस पद पर वह कार्ल हॉपकिंसन की जगह लेंगी जो फिलहाल आईपीएल में मुंबई इंडियंस के साथ काम कर रहे हैं.
हम पूरी तरह से और अविश्वसनीय रूप से प्रभावित हैं: की
की ने बुधवार को संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, मुझे लगता है कि वह अपने काम में माहिर और सर्वश्रेष्ठ लोगों में से एक हैं, उनका प्रदर्शन असाधारण रहा है और उन्होंने एंड्रयू फ्लिंटॉफ तथा एड बर्नी (परफोर्मेंस निदेशक) के साथ काफी काम किया है, ये दोनों ही उनकी जमकर तारीफ करते हैं. इसलिए जैसा कि हमें दिख रहा है, वह अपने क्षेत्र की सर्वश्रेष्ठ लोगों में से एक हैं. उन्होंने कहा, ‘‘वह (टेलर) जिस तरह से वह अपना काम करती हैं उससे हम पूरी तरह से और अविश्वसनीय रूप से प्रभावित हैं।’’
की ने कहा, ‘कार्ल हॉपकिंसन की बात करें तो जैसा कि आज के क्रिकेट जगत का चलन है, वह फिलहाल मुंबई इंडियंस के साथ काम कर रहे हैं, उनके पास मुंबई इंडियंस के लिए करने को काफी काम है इसलिए हम भविष्य में किसी ना किसी समय उनकी सेवाओं का उपयोग जरूर करेंगे, बस इस सीरीज के लिए नहीं.
380 विकेट, 10 हजार से ज्यादा रन… स्टार ऑलराउंडर ने संन्यास लेकर फैंस को चौंकाया
सारा टेलर का इंटरनेशनल करियर
सारा टेलर के इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने इंग्लैंड के लिए 10 टेस्ट, 126 वनडे और 90 टी-20 मैच खेले हैं. 10 टेस्ट मैच में उनके नाम 300 रन हैं, वहीं वनडे में उन्होंने सात शतक और 20 अर्धशतक के साथ 4056 रन बनाए हैं. 90 टी-20 मैच में उनके नाम 2177 रन (16 अर्धशतक) है.