×

सरफराज अहमद ने भारत पर लगाया 'अनैतिक व्यवहार' का आरोप, बोले- यह भारत की बाकी टीमों से अलग

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप अंडर-19 का फाइनल मैच खेला गया था. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने इस मैच के दौरान भारतीय टीम के व्यवहार की आलोचना की है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 23, 2025 9:57 AM IST

रविवार, 21 दिसंबर को एशिया कप अंडर-19 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया. और इस मुकाबले में भारतीय टीम के व्यवहार की पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने आलोचना की है. खास तौर पर जब भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा कर रही थी तब दोनों टीमों के बीच काफी गर्मागर्मी देखी गई. और इस पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने टिप्पणी की है.

पाकिस्तानी गेंदबाज अली रजा और आयुष म्हात्रे के बीच उस वक्त माहौल थोड़ा तल्ख हो गया था. भारतीय कप्तान इस मैच में ज्यादा कुछ नहीं कर पाए थे. म्हात्रे सिर्फ 2 रन ही बना सके. इसके बाद वैभव सूर्यवंशी भी जब आउट होकर गए तब उनकी भी अली से बहस हुई. पाकिस्तान ने भारत को उस मैच में आसानी से हरा दिया. भारत को 191 रन से हराकर पाकिस्तान ने मैच में बड़ी जीत हासिल की. इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच दो बार मुकाबला हुआ और दोनों बार जीत पाकिस्तान को मिली.

सरफराज, जो इस समय पाकिस्तान की अंडर-19 टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं, ने एक इंटरव्यू में कहा कि अंडर-19 टीम का व्यवहार भारत की उन अलग-अलग टीमों से इतर था जिनके खिलाफ वह अतीत में खेले हैं.

सरफराज ने कहा, ‘मैं कई भारतीय टीमों के खिलाफ खेला हूं और वे क्रिकेट को क्रिकेट की तरह लेते थे. लेकिन इस जूनियर भारतीय टीम का व्यवहार पूरे फाइनल के दौरान सही नहीं था.’

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उन्होंने यही सलाह दी थी कि वे सही तरीके से जश्न मनाएं. और उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि भारतीय खिलाड़ी ज्यादा ही भावुक हो गए थे. पूर्व पाकिस्तानी कप्तान ने कहा कि भारतीय टीम के खिलाड़ियों द्वारा किए गए कुछ व्यवहार ऐसे भी थे जो अनैतिक थे.

सरफाज ने कहा, ‘मैंने खिलाड़ियों से कहा कि जश्न मनाएं लेकिन इसे सही तरीके से करें. भारतीय खिलाड़ी बहुत ज्यादा भावुक हो रहे थे. उनका व्यवहार क्रिकेट के लिहाज से अच्छा नहीं था.’

सरफराज ने यह भी कहा कि उन्होंने खिलाड़ियों से कहा था कि वे खेल को सही भावना से खेलें और फाइनल के दौरान अपनी स्ट्रेंथ पर काम करें.

उन्होंने कहा, ‘मैंने खिलाड़ियों से कहा कि वे खेल भावना दिखाएं और खेल को सही तरीके से खेलें. मैंने उन्हें कहा कि वे अपनी टीम का साथ दें और अपने काम पर ध्यान दें.’

TRENDING NOW

दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने समीर मिन्हास के 172 रन की पारी की मदद से 8 विकेट पर 347 रन का स्कोर बनाया था. वहीं अहमद हुसैन ने 52 रन बनाए. इसके जवाब में भारत सिर्फ 156 रन पर ऑल आउट हो गया. भारत के लिए सबसे ज्यादा रन वैभव सूर्यवंशी ने बनाए. उन्होंने 10 गेंद का सामना करते हुए 26 रन की पारी खेली.