- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Sarfaraz Ahmed: We made it tough for ourselves by dropping catches
सरफराज अहमद: इतने कैच छोड़कर हम खुद ही जीत से दूर होते चले गए
एशिया कप सुपर-4 के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को नौ विकेट से दी मात।
Published On Sep 24, 2018, 12:41 AM IST
Last UpdatedSep 24, 2018, 12:41 AM IST
Sarfraz Ahmed (File Photo) © Getty Images
एशिया कप 2018 में पाकिस्तान को लगातार दूसरी बार भारत के सामने हार का सामना करना पड़ा। भारत ने पाकिस्तान को नौ विकेट से मात दी। शिखर धवन और रोहित शर्मा ने शतकीय पारी खेलने के साथ-साथ पहले विकेट के लिए 210 रन जोड़े, जिसकी मदद से पाकिस्तान को मैच में वापसी करने का कोई मौका नहीं मिला।
हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद ने कहा, “हमने मैच में कई कैच छोड़कर खुद को जीत से दूर कर दिया। हमने 20-25 रन कम बनाए थे। अगर हमने ऐसा किया होता और कैच नहीं टपकाए होते तो मैच काफी रोमांचक हो जाता।”
सरफराज अहमद ने कहा, “हमारे लड़कों ने अच्छी मेहनत की लेकिन वो जरूरी मौकों पर कैच नहीं ले पाए। दोपहर केे वक्त इस पिच पर खेलने में काफी समस्या हो रही थी क्योंकि विकेट पर क्रैक काफी बढ़ गए थे। ऐसे में नए बल्लेबाज के लिए यहां रन बनाना इतना आसान नहीं था।”
पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, “अगर हमें मैच की शुरुआत में ही विकेट मिल जाते तो यहां चेज कर पाना इतना आसान नहीं होता। जिस तरह से भारतीय बल्लेबाज खेले, जीत का श्रेय उन्हें जाता है। रोहित और धवन की बल्लेबाजी शानदार थी। उन्होंने बल्लेबाजी के दौरान हमसे अच्छी स्किल दिखाई और जीत हासिल की।”
सरफराज ने कहा, “हमें अपने खेल पर मेहनत करने की जरूरत है। अब अगर हमें फाइनल में पहुंचना है तो बांग्लादेश के खिलाफ अपना आखिरी मैच हर हाल में जीतना होगा। ये हमारे लिए करो या मरो जैसा मैच होगा।”