×

6,4,6,4,6,4- सरफराज खान बने लिस्ट-ए में सबसे तेज हाफ सेंचुरी लगाने वाले भारतीय, अभिषेक शर्मा के ओवर में ठोके 30 रन

घरेलू क्रिकेट में लगातार रिकॉर्ड बना रहे सरफराज खान ने एक बार फिर कमाल कर दिया है. वह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज हाफ सेंचुरी लगाने वाले भारतीय बन गए हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 8, 2026 6:35 PM IST

सरफराज खान ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में सिर्फ 15 गेंद पर हाफ सेंचुरी बना दी. पंजाब के खिलाफ उन्होंने यह कमाल की पारी खेली. यह लिस्ट-ए क्रिकट में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाई गई सबसे तेज हाफ सेंचुरी है.

लिस्ट ए क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज हाफ सेंचुरी का रिकॉर्ड दो बल्लेबाजों के नाम है. महाराष्ट्र के अभिजीत काले ने बड़ौदा के खिलाफ 1995 में 16 गेंद पर अर्धशतक लगाया था. वहीं अतीत शेठ जो बड़ौदा के ऑलराउंडर हैं, ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ 2021 में 16 ही गेंद पर हाफ सेंचुरी लगाई थी. मुंबई की टीम हालांकि यह मैच हार गई. टीम का स्कोर 18वें ओवर में तीन विकेट पर 169 रन था. लेकिन सूर्यकुमार यादव के बाद शिवम दूबे और कप्तान श्रेयस अय्यर के जल्दी-जल्दी आउट होने के चलते मुंबई की टीम एक रन से मैच हार गई. उन्हें जीतने के लिए चार रन चाहिए थे और चार विकेट उनके हाथ में थे लेकिन वह उसे हासिल नहीं कर पाए.

जयपुर के जयपुरिया मैदान पर मुंबई के सामने 217 रन का लक्ष्य था. मुंबई ने संभलकर शुरुआत की. मुशीर खान और अंगकृष रघुवंशी ने पहले विकेट के लिए 8.2 ओवर में 57 रन जोड़े. मुशीर के आउट होने के बाद उनके भाई सरफराज क्रीज पर आए. उन्होंने आते ही स्पिनर्स के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी.

सरफराज ने पंजाब के कप्तान अभिषेक शर्मा के ओवर में तीन छक्के और तीन चौके लगाए. इसके बाद उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार की गेंदबाजी पर भी आक्रमण किया और 5 गेंदों पर 19 रन बटोर लिए. सरफराज सिर्फ 20 गेंद पर 62 रन बनाकर आउट हो गए. लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय की गेंद पर LBW हुए. उनकी पारी में सात चौके और पांच छक्के शामिल रहे.

ईएसपीएनक्रिकइंफो के डाटा के अनुसार यह लिस्ट-ए क्रिकेट में चौथी सबसे तेज हाफ सेंचुरी है. श्रीलंका के कौशल्या वीररत्ने ने एक घरेलू मैच में 2005-06 में सिर्फ 12 गेंद पर अर्धशतक बना दिया था.

सरफराज इस सीजन में मुबई के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने छह पारियों में 303 रन बनाए हैं. उनका औसत 75.75 का है और स्ट्राइक-रेट 190.56 का. उन्होंने गोवा के खिलाफ 31 दिसंबर को 157 और फिर उत्तराखंड के खिलाफ हाफ सेंचुरी लगाई थी. मुंबई पहले ही टूर्नामेंट के नॉक-आउट में पहुंच चुकी है.

TRENDING NOW

सरफराज ने भारत के लिए आखिरी बार कोई टेस्ट इंग्लैंड के खिलाफ फरवरी 2024 में खेला था. लेकिन हालिया वक्त में तो वह कमाल के फॉर्म में हैं. वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में मुंबई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे नंबर पर थे. सात पारियों में उन्होंने 65.80 के औसत और 203.80 के स्ट्राइक-रेट से 329 रन बनाए. सरफराज को 16 दिसंबर 2025 को हुई इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 75 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीद था.