पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद बोले- मुझे अपनी युवा टीम पर गर्व है
इंग्लैंड ने पाक को दूसरे टेस्ट में पारी और 55 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज 1-1 से की बराबर।
Published On Jun 03, 2018, 09:53 PM IST
Last UpdatedJun 03, 2018, 09:53 PM IST
Sarfaraz Ahmed © AFP
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सरफराज अहमद की टीम भले ही इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच हार गई हो बावजूद इसके उनका कहना है कि उन्हें अपने युवा खिलाडि़यों पर गर्व है। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले गए दो टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर खत्म हुई।
[link-to-post url=”https://www.cricketcountry.com/hi/news/pakistan-vs-england-2nd-test-jos-buttler-inning-help-england-189-run-lead-pakistan-to-483-at-lunch-717950″][/link-to-post]
लीडस में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 55 रनों से हरा दिया। इस टेस्ट मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पाक की टीम पहली पारी में 174 रन पर ढेर हो गई। जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 363 रन बनाकर 189 रन की बढ़त हासिल की।
पाकिस्तान की टीम दूसरी पारी में 134 रन पर ढेर हो गई। इससे पहले लॉडर्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 9 विकेट से पराजित किया था।
दूसरे टेस्ट में हार के बाद सरफराज ने कहा, ‘हमने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था लेकिन हम उसपर खरा नहीं उतर सके। यह बैटिंग के लिए अच्छी पिच थी। लेकिन पहले दो सेशन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की। लॉडर्स के मुकाबले यहां हमारी बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही। हमारी टीम युवा है और हमने यहां से काफी कुछ सीखा। उम्मीद है कि हम आगे इसमें सुधार करेंगे। लॉडर्स में हमने जिस तरह का प्रदर्शन किया मुझे अपनी टीम पर गर्व है।’
लीडस में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने नाबाद 80 रन की पारी खेली जिसकी बदौलत इंग्लैंड की टीम 350 से अधिक रन बनाने में सफल रही। बटलर को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया।